सुकमा में सरपंचकी हत्या: वारदात में नक्सलियों का हाथ या दुश्मनों का?
जगदलपुर। नक्सलियों ने बस्तर के सुकमा जिले के पूवर्ती गांव में सरपंच बोड़के रामा की बीती रात हत्या कर दी। नक्सलियों ने बोड़के रामा पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने और गांव की जमीन हथियाने का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या की है।

घटना कई बड़े नक्सलियों की जन्मभूमि पूवर्ती गांव में शनिवार रात की है। 10-15 नक्सली बोडके रामा के घर पर पहुंचे और उसे मार डाला। बोडके रामा पूवर्त्ती ग्राम का सरपंच था। नक्सलियों ने एक पत्र भी छोड़ा है। पत्र में कहा गया है कि बोड़के रामा पुलिस का मुखबिर बनकर गांवों वालों को डरा धमकाता रहा है। उसने बीजा पंडुम में जमीन को जेसीबी मशीन से साफ करके अपना स्वयं के लिए खेत बना लिया, गांव के तालाब के मेड़ को भी हटाया और खेत बनाया तालाब के नीचे की जमीन को अपना बताकर किसान किताब बनवा लिया। इन सब हरकतों को देखकर हमारी पार्टी ने बोडके रामा को मौत की सजा दी है। तथाकथित ननक्सलियों का यह पत्र कॉपी के पन्ने पर लिखा हुआ है और नीचे सिर्फ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी लिखा है, उसमें किसी नक्सली प्रवक्ता का नाम नहीं है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बोड़के रामा की हत्या वास्तव में नक्सलियों ने ही की है या फिर इस वारदात में बोड़के रामा के दुश्मनों का हाथ है? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
