संवर रहा है हमारा जगदलपुर: फिर मिली 50 करोड़ रुपए की मंजूरी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव

जगदलपुर। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव जगदलपुर शहर के सर्वांगीण विकास और शहर को संवारने के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। श्री देव के प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए फिर 50 करोड़ रूपए राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि की स्वीकृति के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर राशि की मांग की थी।
अपने पत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने बोधघाट थाना से कमिश्नर ऑफिस तक बीटी सड़क चौड़ीकरण कार्य, वार्ड क्रमांक 35 के अंतर्गत एमपीएम हॉस्पिटल से एलआईसी रोड बीटी सड़क चौड़ीकरण कार्य, नगरोत्थान योजना से दलपत सागर विकास कार्य एवं सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम से समुंद चौक से पावर हाउस चौक से पंचपथ चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक चौड़ीकरण कार्य, नालंदा परिसर निर्माण कार्य हेतु राशि की मांग की थी । जिस पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जगदलपुर के चहुमुखी विकास के लिए 50 करोड़ रूपए राशि की स्वीकृति का पत्र किरण देव को भेजा है। जगदलपुर शहर के चहुमुखी विकास के लिए राशि स्वीकृत होने को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने ऐतिहासिक बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि ऐतिहासिक दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। इसी तरह मुक्तिधाम से समुंद चौंक से पवार हाऊस चौक से पंचपथ चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक सड़क निर्माण कार्य हेतु 10 करोड़ रुपए, अन्य अतिरिक्त निमार्ण कार्यों हेतु 14 करोड़ रुपए, बोधघाट थाना से कमिश्नर ऑफिस तक बीटी सड़क निर्माण कार्य हेतु 2 करोड़ रुपए, वार्ड क्रमांक 35 में एमपीएम हॉस्पिटल से एलआईसी रोड बीटी सड़क निर्माण कार्य हेतु 2 करोड़ रुपए एवं नालंदा परिसर निर्माण सेंट्रल लाईब्रेरी सह रीडिंग जोन 500 सीटर के लिए 11 करोड़ 42 लाख रूपए की स्वीकृति शासन से प्राप्त हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति सहृदय धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है।

लौटेगा दलपत सागर का वैभव: देव
बस्तर की ऐतिहासिक धरोहर विशाल दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए राशि स्वीकृत होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तरवासियों की वर्षों से बहुप्रतीक्षित मांग रही है कि दलपत सागर को संवारने व सुरक्षित करने की पहल हो। इस राशि से योजनाबद्ध रुप से उसका सौंदर्यीकरण होगा, वहीं मुक्तिधाम से समुंद चौंक से पवार हाऊस चौक से पंचपथ चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक सड़क निर्माण कार्य जिसकी क्षेत्र के जनता की बहुप्रतीक्षित मांग इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों के आवागमन में सुविधा होगी। वहीं बोधघाट थाना से कमिश्नर ऑफिस तक बीटी सड़क निर्माण एवं एमपीएम हॉस्पिटल से एलआईसी रोड बीटी सड़क निर्माण कार्य हेतु राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन दोनों सड़कों की मांग काफी दिनों से क्षेत्र की जनता ने रखी थी। जिसके निर्माण कार्य के लिए राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई है। साथ ही जगदलपुर शहर में हमारे बस्तर के छात्रों के लिए बहुप्रतीक्षित मांग नालंदा परिसर सैंट्रल लाईब्रेरी सह रीडिंग जोन 500 सीटर सर्व सुविधा युक्त सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य किया जाएगा एवं शहर के विकास के लिए अन्य निर्माण कार्य हेतु राशि स्वीकृत हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में बस्तर का विकास सदैव प्राथमिकता में रहा है। जगदलपुर शहर विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के महति प्रयास से हमारे दलपत सागर के योजनाबद्ध सौंदर्यीकरण कार्य , सड़क निर्माण कार्य, नालंदा परिसर निर्माण को साकार रूप देने की सार्थकता यथाशीघ्र सिद्ध होगी। श्री देव ने कहा कि बस्तरवासियों की मांग के अनुरूप विकास कार्य किया जाएगा। सभी कार्य जल्द आरंभ होंगे। आने वाले अनेक वर्षों तक दलपत सागर सुरक्षित व प्राकृतिक सुंदरता का प्रतिरूप बना रहे, इस उद्देश्य के साथ दलपत सागर को संवारने योजनाबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *