फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल के 2 खिलाड़ियों का नेशनल एवं 6 का राज्य स्तर पर एथलेटिक्स में चयन

जगदलपुर। बस्तर विकासखंड के हायर सेकंडरी स्कूल फरसागुड़ा के 6 होनहार खिलाड़ियों का चयन 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए एथलेटिक्स में हुआ है। जो कि 21 से 24 सितंबर तक जगदलपुर में आयोजित किया गया। इन खिलाड़ियों की उपलब्धी से समूचे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 6 बालिकाएं योगिता कश्यप, निशा बघेल, मानसी बघेल, रेखा बघेल, गुड़िया बघेल, धनमति कश्यप का चयन किया गया। योगिता कश्यप ने ऊंची कूद में सिल्वर मेडल और निशा बघेल ने भाला फेंक में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। अच्छे प्रदर्शन के कारण दोनों खिलाड़ियों का नेशनल शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इन सभी खिलाड़ियों को एथलेटिक्स का प्रशिक्षण व्यायाम शिक्षक मानकेर करंगा और हॉस्टल अधीक्षिका अनुमति बघेल द्वारा प्रदान किया गया। इन सभी बच्चों के चयन और अच्छे प्रदर्शन पर स्कूल के प्राचार्य विकास पाठक और शाला के सभी शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। योगिता कश्यप और निशा बघेल का नेशनल में चयन हुआ है।

गर्व है बेटियों पर: मंत्री केदार कश्यप
राज्य स्तरीय एवं नेशनल स्पर्धा में फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं के चयन पर प्रदेश के वन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप ने खुशी जाहिर करते हुए छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। ज्ञात हो कि फरसागुड़ा मंत्री केदार कश्यप का गृहग्राम है। अपने गांव की बेटियों की इस बड़ी उपलब्धि पर मंत्री केदार कश्यप ने ट्वीट कर खुशी जताई है। श्री कश्यप ने ट्वीट में लिखा है- गृहग्राम फरसागुड़ा के होनहार खिलाड़ी नेशनल और राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेकर बस्तर को गौरवान्वित करेंगे। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयनित 6 खिलाड़ियों और नेशनल स्तर पर चयनित 2 खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी का यह सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने और आप राष्ट्रीय- अंतर राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर एवं प्रदेश का नाम रौशन करें, यही कामना है। यह चयन केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं बल्कि फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल एवं ग्रामीण अंचल के लिए भी गौरव की बात है। इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। बस आवश्यकता होती है सही मार्गदर्शन और अवसर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *