दिवाली पर मातम, तालाब में डूब गए तीन बच्चे
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के पदेड़ा गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। बीजापुर ब्लाक की ग्राम पंचायत पदेडा़ के हिरोलीपारा निवासी तीन आदिवासी बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मंगलवार दोपहर नहाने के दौरान तीनों बच्चे तालाब में डूब गए। बताया जा रहा है कि एक बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र में और दो बच्चे हिरोलीपारा की प्राथमिक शाला में पढ़ते थे। इनकी उम्र 4 से 6 साल के बीच की थी। मृत बच्चों के नाम दिनेश कोरसा, नवीन हपका व मनीता हपका बताए गए हैं। दोनों बालक दूसरी कक्षा में पढ़ते थे, जबकि मनीता आंगनबाड़ी जाती थी। घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन व शिक्षा विभाग और पुलिस को दी गई है। प्रशासनिक पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीनों बच्चों के शवों को बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए बीजापुर लाया गया। पदेडा के पूर्व सरपंच गुड्डू कोरबा ने इस घटना की जानकारी दी और बताया कि घटना दोपहर में हुई है। बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां वे हादसे का शिकार हो गए।गांव में गमगीन माहौल है।
