सांसद कश्यप ने किलेपाल के माड़िया समाज को दिया बस्तर दशहरा रथ खींचने का न्योता



जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप आज किलेपाल पहुंचे, जहां उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक रथ को खींचने की पीढ़ियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करने वाले माड़िया समाज के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समाज के सदस्यों को बस्तर दशहरा में शामिल होकर ऐतिहासिक रथ खींचने की परंपरा में सहभागिता निभाने हेतु ससम्मान आमंत्रित किया।


सांसद महेश कश्यप ने कहा बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक वैभव के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस महापर्व में माड़िया समाज की सहभागिता पीढ़ियों से चली आ रही उस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है,जो बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बनाती है। ऐतिहासिक रथ को खींचने की परंपरा जनजातीय समाज की आस्था, समर्पण और सामूहिक सहभागिता को दर्शाती है। श्री कश्यप ने कहा माड़िया समाज के सदस्यों से आत्मीय संवाद कर बस्तर दशहरा की परंपराओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा इस ऐतिहासिक उत्सव में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रण दिया। श्री कश्यप ने आगे कहा कि बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और पीढ़ियों से संरक्षित परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। इस महापर्व की विशिष्टता विभिन्न समाजों की सहभागिता और परंपराओं के प्रति उनके अटूट विश्वास में निहित है।सांसद महेश कश्यप ने कहा मां मावली दंतेश्वरी के आशीर्वाद से बस्तर की यह अमूल्य सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे और बस्तर दशहरा की गौरवशाली परंपरा निरंतर आगे बढ़ती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *