गहरी नींद में हैं पलारी विद्युत सब स्टेशन के अधिकारी; टूटा पोल बदलने पर नहीं दे रहे हैं ध्यान
बालोद। जिले में विद्युत विभाग के अधिकारियों की मनमानी और लापरवाही का खामियाजा बालोद जिले के उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। सरप्लस बिजली वाले छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के उपभोक्ता बिजली के लिए तरस रहे हैं।
बालोद जिले में विद्युत कंपनी के अधिकारी जमकर मनमानी कर रहे हैं। यहां उपभोक्ताओं की शिकायतों पर जरा भी ध्यान नहीं दिया जाता। बिजली संबंधी अव्यवस्था की शिकायतें ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार सामने आ रही हैं। पलारी सब स्टेशन के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली पोल टूटने की घटना को लगभग एक माह बीत चुका है। इसकी शिकायत पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा सब स्टेशन कार्यालय में कई बार की जा चुकी है, मगर आज तक नया पोल लगाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। बिजली के बिना रबी फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है, विद्यार्थी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, ग्रामीणों की दिनचर्या गड़बड़ा गई है। वैसे तो पलारी कस्बा धमतरी जिले का ऐतिहासिक और संपन्न ग्राम है, मगर पलारी सब स्टेशन बालोद जिले में आता है। पूरा इलाका कृषि निर्भर है और इलाके में धान की डबल फसल ली जाती है। अभी किसान रबी सीजन में फिर से धान की खेती में व्यस्त हैं। धान की बोनी हो चुकी है और खेतों को पानी की सख्त जरूरत है। बोर, कुंआ आदि संसाधन उपलब्ध रहने के बावजूद किसान बिजली न रहने से अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत विभाग की ऐसी अनदेखी से ग्रामीण नाराज हैं और कभी भी आंदोलन का रास्ता पकड़ सकते हैं। पलारी विद्युत सब स्टेशन के अधिकारी मामले की जानकारी मिलने के बावजूद आखिर अब तक नया पोल लगा कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने पर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं, यह समझ से परे है।
