सचिन पायलट व चरणदास महंत मजबूरी में कर रहे हैं एसआईआर का विरोध – भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय
जगदलपुर।सचिन पायलट और चरण दास महंत मजबूरी में एसआइआर का विरोध कर रहे हैं। आलाकमान की गलत बातों को फैलाने की असफल कोशिश में कॉंग्रेस के नेता व्यस्त हैं, बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में इनके झूठे दावों की हवा निकाल दी किन्तु अपने हताश समर्थकों का मनोबल बढ़ाने के लिए कॉंग्रेस इस राजनैतिक स्वांग में व्यस्त है। उपरोक्त विचार भारतीय जनता पार्टी बस्तर जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश प्रकाश पाण्डे ने व्यक्त किए।
श्री पाण्डेय ने कहा कि एसआइआर का अधिकार चुनाव आयोग को संविधान में दिया गया है। मतदाता सूची का शुद्धीकरण हो, यह स्वस्थ चुनावी प्रक्रिया हेतु अनिवार्य है। देश एवं प्रदेश की सरकार को भारत के नागरिक चुने यह भारतीय लोकतंत्र और आंतरिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। श्री पाण्डेय ने कहा कि मतदान के अधिकार से भारत का कोई भी नागरिक वंचित ना हो, भाजपा इस बात से पूरी तरह सहमत है किन्तु पार्टी इस बात का भी समर्थन करती है कि कोई भी अपात्र ,घुसपैठिया इस अधिकार का प्रयोग कर स्वच्छ चुनावी प्रक्रिया को दूषित ना करे। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून के तहत भारत के प्रत्येक नागरिक को यह अधिकार है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में अगर कोई त्रुटि होती है तो वह वैध दस्तावेज के आधार पर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकता है और स्वाभाविक रूप से यह अधिकार कॉंग्रेस के नेतागण और कार्यकर्ताओं को भी प्राप्त है किन्तु कॉंग्रेस ना बिहार को लेकर उच्चतम न्यायालय के समक्ष कोई साक्ष्य प्रस्तुत कर पाई ना चुनाव आयोग को कोई त्रुटि का कोई सबूत दे पाई, इसके उलट कॉंग्रेस हास्यास्पद रूप से चुनाव आयोग पर अनर्गल प्रलाप कर देश की जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है और पूरी प्रक्रिया पर तथ्यहीन आरोप लगाने के लिए केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यस्त है।
