कांग्रेस नेताओं पर ईडी की एफआईआर के विरोध में पुतला दहन



जगदलपुर। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में बस्तर संभाग में पुतला दहन और प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को शिव मंदिर चौक पर केंद्रीय गृहमंत्री का पुतला दहन किया।
इस दौरान बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार दुर्भावना से प्रेरित होकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर कार्रवाई कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से डराने और दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि कांग्रेस किसी भी साजिश या दबाव से घबराने वाली नहीं है। लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रखेगी। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, मनोज अवलम, कमलेश कारम, पुरुषोत्तम खत्री, पुरुषोत्तम सल्लूर, प्रवीण डोंगरे, एजाज खान, गिरधारी राठी, राजू गांधी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *