सेंट फ्रांसिस जेवियर के सेवा भाव और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान
जगदलपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल जगदलपुर में 3 दिसंबर को सेंट फ्रांसिस जेवियर के पर्व दिवस को बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ हर्षपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें सेंट फ्रांसिस जेवियर के जीवन, आदर्शो, गुणों और प्रेरणादायक योगदानों को सबके सामने रखा गया। इस पावन अवसर पर अडोनाई रोही चर्च से रेवरेंट सुधीर मोहन बाटक और चर्च ऑफ गॉड जगदलपुर से पास्टर अल्बर्ट सोना को आध्यात्मिक प्रार्थना सेवा का नेतृत्व करने के लिए आमंत्रित किया गया था। रेवरेंट सुधीर मोहन बटाक और पास्टर अल्बर्ट सोना ने एक अर्थपूर्ण प्रार्थना सभा का संचालन किया और पवित्र जल का छींटा देकर सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को संरक्षण, शांति और कल्याण के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने सेंट फ्रांसिस जेवियर द्वारा मानव एवं संपूर्ण जीव जगत के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का विस्तार पूर्वक उल्लेख किया। स्कूल की उप प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षिता नायक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायक संदेश दिया और सेंट फ्रांसिस जेवियर के सेवा, अनुशासन और करुणा के मूल्यों का अनुसरण करने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कहा कि सेंट फ्रांसिस जेवियर के सेवा भाव से हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शो को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस दौरान मूल्य आधारित गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत किए, भाषण दिए और स्तुति के गीत गाए। इनके जरिए जेवियरियन भावना को सुंदर रूप से प्रदर्शित किया गया। सूचना पट्टों को प्रेरणादायक संदेशों, कलाकृतियों और सेंट फ्रांसिस जेवियर की शिक्षाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम का समापन पादरियों के संक्षिप्त आशीष वचन और स्कूल द्वारा आभार स्वरूप उपहार प्रदान करने के साथ हुआ। पूरे आयोजन ने वास्तव में विश्वास, सेवा और समुदाय की भावना को प्रकट किया।
