निबंध लेखन प्रतियोगिता, नपाध्यक्ष ने स्कूल, कॉलेज में जाकर किया संवाद
कवर्धा,,,नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा नगरवासियों एवं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का विषय “मेरे सपनों का कवर्धा” निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु अंतिम तिथि 18 जनवरी 2026 रखी गई है। प्रतिभागीजन अपना निबंध लेखन को नगर पालिका परिषद कार्यालय के आवक-जावक शाखा में दिनांक 18 जनवरी को शाम 5.30 बजे तक जमा कर सकते है।

शनिवार रविवार अवकाश दिवस में जमा होगें फार्म-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी दिनांक 18 जनवरी को शाम 5.30 बजे तक अपना फार्म नगर पालिका परिषद कवर्धा के आवक-जावक शाखा कक्ष क्रं. 13 में जमा कर सकते है। उन्होनें अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवकाश के दिवस में आवक-जावक शाखा में कर्मचारी उपस्थित रहकर प्रतिभागियों से प्राप्त फार्म का संकलन करेगें। उन्होनें बताया कि नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा आयोजित यह निबंध लेखन प्रतियोगिता केवल एक साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर के भविष्य को लेकर सामूहिक चिंतन की अनूठी पहल है। आमतौर पर विकास योजनाएँ प्रशासनिक स्तर पर तय होती हैं, लेकिन इस प्रतियोगिता के माध्यम से नगर के नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को सीधे अपनी सोच, सुझाव और सपनों को व्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है ।
नपाध्यक्ष ने छात्र-छात्राओं के बीच जाकर भाग लेने की अपील की
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने सभी स्कूलों, कॉलेजों में जाकर मेरे सपनों का कवर्धा निबंध लेखन प्रतियोगिता की जानकारी दिये। उन्होनें स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम, हिन्दी माध्यम, स्वामी करपात्री जी स्कूल, गुरूकुल पब्लिक स्कूल, अभ्युदय पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, पुत्री शाला कचहरी पारा, पीजी कॉलेज, कन्या कॉलेज सहित व्यापारिक प्रतिष्ठान, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ संवाद कर निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होनें बताया कि “मेरे सपनों का कवर्धा” विषय के जरिए प्रतिभागी नगर के विकास, स्वच्छता, हरियाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क सुरक्षा, यातायात, संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता एवं नागरिकों की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। इससे न केवल नागरिकों की अपेक्षाएँ सामने आएंगी, बल्कि प्रशासन को भी जमीनी स्तर से उपयोगी सुझाव प्राप्त होंगे, जो भविष्य की योजनाओं में मार्गदर्शक सिद्ध हो सकते हैं।
23 जनवरी को होगा पुरस्कार वितरण
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि प्रतियोगिता से संबंधित पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन 23 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से, पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। पहली श्रेणी आम नागरिकों के लिए तथा दूसरी श्रेणी कक्षा 10वीं से ऊपर के स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को निबंध में कवर्धा नगर के विकास, स्वच्छता, हरियाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क सुरक्षा, यातायात, संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता एवं नागरिकों की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। निबंध की कुल शब्द सीमा लगभग 30-35 शब्द की भूमिका, 80-90 शब्द का मुख्य भाग, एवं 25-30 शब्दों का निष्कर्ष होना चाहिए। इस तरह कुल 150 शब्दों की सीमा तय की गई है।
उत्कृष्ट प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार
निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिसमें प्रथम पुरस्कार ₹3100, द्वितीय पुरस्कार ₹2100 एवं तृतीय पुरस्कार ₹1100 निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त टॉप-20 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
