बस्तर के हर स्कूल में होगी स्काउट-गाइड की पैठ



जगदलपुर। भारत स्काउट एवं गाइड जिला बस्तर के जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तोकापाल में जिले के सातों विकासखंडों के स्काउट-गाइड प्रशिक्षक शिक्षकों एवं जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, प्रत्येक विद्यालय तक स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार करने तथा नए शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में जिला सचिव लीलेश देवांगन ने जिले में स्काउट एवं गाइड के संचालन, वर्तमान गतिविधियों एवं संचालन के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी देते हुए शिक्षकों से सुझाव आमंत्रित किए। विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि बस्तर जिले की पहचान केवल अपनी संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं बल्कि स्काउट एवं गाइड की उत्कृष्ट गतिविधियों से भी बने। हमारा लक्ष्य जिले के प्रत्येक विद्यालय तक स्काउट गाइड पहुंचाना और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इससे जोड़ना है। श्री गुप्ता ने सभी दल प्रभारियों एवं प्रशिक्षक शिक्षकों से कहा कि वे नए पंजीयन अभियान को तेज करें तथा पंजीकृत विद्यार्थियों का बीएसजी इंडिया पोर्टल पर समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आप अधिक से अधिक बच्चों को स्काउट एवं गाइड से जोड़ने का कार्य करें। वित्तीय व्यवस्था एवं यूनिफॉर्म की चिंता मुझ पर छोड़ दें। हमारा उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं नैतिक मूल्यों का विकास कर उन्हें समाज और राष्ट्र का जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

एक विद्यार्थी, एक पौधा अभियान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक विद्यार्थी, एक पौधा अभियान चलाया जाएगा। केवल पौधरोपण ही नहीं बल्कि पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा। बैठक में सुधा मिश्रा, परमेश राजा, रोशन झा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट दसरुराम यादव, जिला सचिव लीलेश देवांगन, जिला संगठन आयुक्त गाइड मीरा हिरवानी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट जेपी पाठक, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड दिलासी लाल, जिला कोषाध्यक्ष गोपेंद्र शार्दुल, जिला मीडिया प्रभारी विजय चंद्राकर, भूमिका निषाद, दीपा ठाकुर, भरत यादव, गिरवर रावटे सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य, सातों विकासखंडों के प्रशिक्षक शिक्षक, स्काउटर एवं गाइडर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *