पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान
बीजापुर – पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक में देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा शहीद जवानों के परिजनों ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया। इसके पश्चात शहीदों की नामावली शहीद स्मारक को अर्पित की गई। जवानों को सलामी देने के बाद उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
आंतरिक सुरक्षा में 154 जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान
पुलिस स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देशभर में आंतरिक सुरक्षा के दौरान शहीद हुए सशस्त्र एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को याद किया गया। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में देशभर के 154 जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्यौछावर किए, जबकि छत्तीसगढ़ के छह जवान शहीद हुए।बीजापुर जिले में माओवादी घटना के दौरान जिला बल के दो जवान शहीद हुए थे। इनमें थाना नैमेड़ क्षेत्र के कचिलवार जंगल में माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद प्रधान आरक्षक बड़दी मोहन और आरक्षक दुकारू राम गोंदे शामिल हैं। कार्यक्रम में उनके बलिदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

शहीद परिवारों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के वनमंडलाधिकारी सुमेद सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स रविन्द्र कुमार मीणा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे, एसडीएम राकेश साहू तथा जिला भाजपा अध्यक्ष घासीराम नाग ने शहीद परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान शहीदों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनके स्वत्वों एवं देय राशि के भुगतान से संबंधित जानकारी ली। साथ ही, उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। शहीद जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आवेदन शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
शहीदों के शिक्षण संस्थानों में भी दी गई श्रद्धांजलि
बीजापुर जिले में निवासरत रहे शहीद जवानों ने जिन विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त की थी, उन स्कूलों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने शहीद जवानों के योगदान को याद कर उन्हें नमन किया। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की सुरक्षा में जवानों के त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा से परिचित कराना रहा।कार्यक्रम में पुलिस विभाग, अर्द्धसैनिक बल, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस स्मृति दिवस ने एक बार फिर देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना को मजबूत किया।
