स्वतंत्रता दिवस पर “पुलिस जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी केंद्र” बना आकर्षण का केंद्र।
कवर्धा,,,कबीरधाम जिला में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, कवर्धा में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कबीरधाम पुलिस द्वारा “Know Your Police Station” के अंतर्गत पुलिस जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी केंद्र स्थापित किया गया।

इस केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को डायल-112 की कार्यप्रणाली, साइबर ठगी से बचाव, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, साइबर अपराध की रिपोर्टिंग, साक्ष्यों के संकलन एवं संरक्षण, फॉरेंसिक सेवा, महिला एवं बाल सुरक्षा, पुलिस कंट्रोल रूम तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी केंद्र में एक ओर फॉरेंसिक वैन को आवश्यक वैज्ञानिक उपकरणों एवं सामग्री के साथ प्रदर्शित किया गया, वहीं दूसरी ओर डायल-112 वाहन के माध्यम से आपातकालीन पुलिस सहायता की कार्यप्रणाली से आमजन को अवगत कराया गया।
इसके साथ ही नागरिकों को समाधान ऐप, मानस पोर्टल, अभिव्यक्ति ऐप, महिला सुरक्षा सेवाएं, डायल-112, फॉरेंसिक सेवाएं एवं वेब/ऑनलाइन पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट, सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया।
“मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” अभियान में सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान कबीरधाम जिले के प्रभारी एवं वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री माननीय लखनलाल देवांगन, जिला कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा पुलिस के जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी केंद्र का अवलोकन किया गया जहां माननीय मंत्री द्वारा स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” अभियान में सहभागिता की गई। इस अवसर पर आम नागरिकों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य पुलिस की सेवाओं को आमजन तक सरल एवं सहज रूप से पहुंचाना तथा नागरिकों को अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
