विकसित भारत जी राम जी योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का हो रहा विस्तार
कवर्धा,,,दिनांक 20 अगस्त 2026 कबीरधाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण योजना अंतर्गत ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में 173 बालिका शौचालय एवं 28 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। एक ओर बालिका शौचालय का निर्माण पूरा होने से छात्राओं के लिए स्कूलो में सुविधाओं का विस्तार होगा तो वहीं दूसरी ओर मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय बन जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन के कठिन समय में ग्रामीणों को सुविधाओं से थोड़ी राहत मिलेगी। इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार 173 बालिका शौचालय के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना से 7 करोड़ 47 लाख 61000 रुपए स्वीकृत किया गया है। इन कार्यों में 33011 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को प्राप्त होगा। इसी तरह 28 मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण के लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है और इन कार्यों में 7266 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को मिलेगा। सभी निर्माण कार्य में नियोजित पंजीकृत श्रमिकों को प्रति दिवस कार्य पूर्ण करने पर ₹300 का मजदूरी भुगतान प्राप्त होगा जो उनके लिए आर्थिक रूप से लाभप्रद होगा। मजदूरों का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में जारी होगा।
रोजगार की व्यवस्था और सुविधाओं का विस्तार साथ-साथ: सीईओ अभिषेक अग्रवाल
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सुविधाओं के विस्तार हेतु ग्रामीणों की मांग एवं स्थल निरीक्षण के आधार पर कार्यों को स्वीकृत किया गया है। बालिकाओं के लिए स्कूलों में शौचालय निर्माण करने जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। आवश्यकता अनुसार प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सहित 173 स्कूलों में बालिका शौचालय स्वीकृत किया गया है। निर्माण पूरा हो जाने से स्कूलों में छात्राओं को सम्मानजनक मूलभूत सुविधा प्राप्त होगी। अभिषेक अग्रवाल ने आगे बताया कि मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के भी 28 कार्य स्वीकृत किया गया है। प्रयास है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्ता के साथ मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो। मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ करते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण कराये। सभी निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतो को एजेंसी नियुक्त किया गया है।
जी राम जी योजना से हो रहे कार्य पर एक नजर……
1 बालिका शौचालय- जनपद पंचायत कवर्धा क्षेत्र के 25, जनपद पंचायत बोड़ला क्षेत्र के 46, जनपद पंचायत पंडरिया क्षेत्र के 86 एवं जनपद पंचायत स.लोहारा क्षेत्र के 16 स्कूलों सहित कुल 173 प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में कार्य स्वीकृत हुआ है।इस कार्य मे 33011 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को मिलेगा तथा इस कार्य के लिए कुल 7 करोड़ 47 लाख 61000 रुपए स्वीकृत किया गया है।
2 मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण- ग्रामीणों की मांग पर जनपद पंचायत कवर्धा में 1, जनपद पंचायत बोड़ला क्षेत्र के 16, जनपद पंचायत पंडरिया क्षेत्र के 3 एवं जनपद पंचायत स. लोहारा क्षेत्र के 8 सहित कुल 28 ग्राम पंचायतों में कार्य स्वीकृत। इस कार्य में 7266 मानव दिवस का रोजगार ग्रामीणों को मिलेगा तथा इसके लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपए स्वीकृत किया गया है।
