जिले में अब तक 1.35 लाख क्विंटल धान की खरीदी, आज 26,495 क्विंटल का उपार्जन
कवर्धा,,,20 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। किसानों की सुविधा और व्यवस्थित खरीदी व्यवस्था के तहत उपार्जन केंद्रों में प्रतिदिन टोकन के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है। आज 20 नवंबर को 778 टोकन के माध्यम से किसानों से कुल 26 हजार 495 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसके साथ ही जिले में आज दिनांक तक कुल 1 लाख 35 हजार 4 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसानों को टोकन, धान विक्रय और उपार्जन केंद्रों में सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी के साथ उपार्जित धान की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मौसम में बदलाव और बारिश को देखते हुए केंद्रों में धान को भीगने से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। तिरपाल और कैप कवर सहित अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से उपार्जित धान को सुरक्षित रखने की तैयारी की गई है।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने केंद्र प्रभारियों को धान के बोरों को व्यवस्थित तरीके से रखने, बारिश की स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपाय करने तथा उपार्जित धान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि बारिश के दौरान भी खरीदी कार्य प्रभावित न हो और किसानों की मेहनत से उपजी फसल सुरक्षित रहे।
