आपके 6472 दिन, मगर बस्तर के नहीं फिरे दिन
जगदलपुर। वन मंत्री केदार कश्यप के एक मंत्री एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में 6472 दिन यानि 17 साल 8माह पूरे करने पर बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने करारा तंज कसा है।. उन्होंने कहा है- आपने तो 6472 दिन जरूर पूरे कर लिए हैं, मगर बस्तर के दिन नहीं फिर पाए हैं, बस्तर आज भी बदतर स्थिति में है जो आपके इस लंबे कार्यकाल के लिए बड़ा धब्बा है।
बीजापुर विधानसभा सीट से लगातार जीतते आ रहे कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा- आपने बड़ा लंबा कार्यकाल पूरा कर लिया है, राजनीति में लंबा सफर तय कर लिया है। इसके लिए आपको बधाई और शुभकामनाएं। मगर कश्यप जी आपके इतने लंबे सार्वजनिक जीवन के लिए यह बड़ा धब्बा है कि बस्तर के हित में आपने आज तक आवाज नहीं उठाई। बस्तर के स्कूल बदहाल हैं, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था मृत्यु शैया पर है, सड़कें अंतिम सांसें गिन रही हैं, बस्तर के युवा बेरोजगारी के आलम में दर दर भटक रहे हैं, यहां के गरीब आदिवासी रोजी मजदूरी के लिए पलायन करने मजबूर हैं। बस्तर के आदिवासी, युवा, महिलाएं, मजदूर आपसे ये जानना चाहते हैं कि अपने 6472 दिनों के कथित ऐतिहासिक कार्यकाल में बस्तर के और यहां के रहवासियों के हितों के लिए सदन या किसी सार्वजनिक मंच पर कितनी बार आवाज उठाई, आपने क्या प्रयास किए? विक्रम शाह मंडावी ने आगे बड़ा तंज कसते हुए मंत्री केदार कश्यप से कहा है कि आपके अपने निर्वाचन क्षेत्र की सड़कें आपके कार्यकाल की उपलब्धियों की पोल खोल रही हैं। बस्तर के आदिवासियों की जमीनें हड़पी जा रही हैं, खनिज संपदा को लूटा जा रहा है, फिर भी आप मौन बैठे हुए हैं।
