बस्तर की पत्रकारिता को फिर मिला राज्य स्तर पर सम्मान
जगदलपुर। बस्तर की पत्रकारिता को राज्य स्तर पर एक बार फिर सम्मान मिला है। एक दैनिक समाचार पत्र के बस्तर संभाग प्रमुख अनिल सामंत को पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बेमेतरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्हें मोमेंटो, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विशेष बात यह है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में अनिल सामंत को इससे पहले भी राज्य स्तरीय सम्मान मिल चुका है। एक अन्य दैनिक समाचार पत्र में कार्यरत रहने के दौरान भी उन्हें पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया था। अब दूसरे समाचार पत्र के बस्तर संभाग प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए उन्हें पुनः राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। लगातार दूसरी बार मिला यह सम्मान उनकी लंबी पत्रकारिता यात्रा और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों की राज्य स्तर पर मिली पहचान के रूप में सामने आया है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, आलोक मेहता, अखबार के प्रधान संपादक यशवंत धोटे एवं समाचार संपादक संदीप दीवान सहित अन्य अतिथियों ने अनिल सामंत को सम्मानित किया।
बस्तर के लिए गौरव का क्षण: राणा
राज्य स्तरीय सम्मान मिलने पर राजस्व सभापति एवं पार्षद संग्राम सिंह राणा ने अनिल सामंत को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर संभाग से जुड़े पत्रकार का राज्य स्तर पर सम्मानित होना पूरे बस्तर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अनिल सामंत ने पत्रकारिता के माध्यम से बस्तर के मुद्दों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को लगातार प्रमुखता से उठाया है। उनके कार्यों ने बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान केवल व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पत्रकारिता के माध्यम से समाज और क्षेत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने वालों के लिए प्रेरणा भी हैं। इससे युवा पत्रकारों को जनसरोकारों से जुड़कर अपनी भूमिका मजबूत करने का संदेश मिलता है। सम्मान समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ सरगुजा और बस्तर से पहुंचे पत्रकार,बेमेतरा के समाजसेवी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
