अभनपुर क्षेत्र का विकास मेरी प्राथमिकता: विधायक इंद्र कुमार साहू


अभनपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर अभनपुर के भव्य रावण दहन कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उत्सव में अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक इंद्र कुमार साहू ने न केवल रावण दहन की परंपरा को आगे बढ़ाया, बल्कि क्षेत्रवासियों को दशहरे की बधाई देते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के उच्च आदर्शों और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया। इस बड़े आयोजन में उपस्थित अपार जनसमूह के बीच विधायक इंद्र कुमार साहू ने अभनपुर की जनता को एक बड़ी सौगात दी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों और बुनियादी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विधायक ने कुल 15 लाख रुपये के बुनियादी विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रोत्साहन के लिए पृथक से स्वेच्छानुदान राशि की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
विधायक इंद्र कुमार साहू ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए शेड निर्माण हेतु 15 लाख रुपए की स्वीकृति दी। अभनपुर बस्ती के रावणभाठा दशहरा मैदान पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए 5 लाख रुपये की लागत से भव्य शेड निर्माण की घोषणा की गई। अभनपुर ब्लॉक कॉलोनी (बड़े उरला) में सार्वजनिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण को मंजूरी दी गई। विधायक श्री साहू ने आदर्श रामायण एवं रामलीला मंडली समिति बड़े उरला, लोक कला और धार्मिक संस्कृति को जीवित रखने के उद्देश्य से रामलीला मंडली के अध्यक्ष दयावंत गिलहरे को सांस्कृतिक कार्यक्रम के बेहतर आयोजन हेतु 30 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि अभनपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास और यहां की जनता की खुशहाली ही मेरी राजनीति का मुख्य ध्येय और सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के हर वर्ग के उत्थान, स्थानीय संस्कृति, खेलकूद और धार्मिक आयोजनों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं सदैव तत्पर हूं। इन विकास कार्यों के पूरा होने से न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि हमारे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी एक नया आयाम मिलेगा।

जनता और समितियों ने जताया आभार
विधायक इंद्र कुमार साहू के इस जनहितैषी निर्णय और त्योहार के अवसर पर दी गई बड़ी सौगातों से पूरे अभनपुर क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है। कार्यक्रम में शामिल विभिन्न सामाजिक समितियों, रामलीला मंडली के पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने विधायक श्री साहू का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी इस दूरदर्शी सोच के लिए हृदय से उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *