यादगार बन गया दल्ली राजहरा का इस बार का दशहरा उत्सव



दल्ली राजहरा। लौह नगरी दल्ली राजहरा में विजयादशमी का पर्व इस वर्ष बेहद भव्यता के साथ बड़े ही धूमधाम से पं. जवाहरलाल नेहरू फुटबॉल स्टेडियम में मनाया गया। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष दर्शकों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ रही, वहीं दुकानदारों की संख्या भी दोगुनी नजर आई। पूरे स्टेडियम में मेले जैसा माहौल था।
आयोजन समिति द्वारा विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम और सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। उद्घोषक एवं कलाकार मार्तंड सिंह ने माता के गीतों से समां बांध दिया। इस आयोजन को अब तक का सर्वोत्तम आयोजन बताया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद कुमार सिंह (मुख्य महाप्रबंधक दल्ली राजहरा) विशेष अतिथि देवलाल ठाकुर (भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ) बालमुकुंद सिंह (संरक्षक अंर्तराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं सचिव एथलेटिक्स संघ जिला बालोद) थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने की।
अतिथि मनोज दुबे नपा
उपाध्यक्ष, सीएसपी सुनील तिर्की और समाज सेवी आशुतोष माथुर थे।

राजहरा की एकता से हूं अभिभूत: आनंद कुमार सिंह
मुख्य महाप्रबंधक आनंद कुमार सिंह ने कहा कि मुझे भिलाई में रहते 30-40 वर्ष हो गए। वहां भी मैं गरबा और दशहरा उत्सवों में जाता रहा हूं, लेकिन जैसा समर्पण और दीवानगी मैंने राजहरा में देखी, वैसी भिलाई में भी नहीं देखी। गरबा में महिला, पुरुष और छोटे-छोटे बच्चों की दीवानगी देखकर मैं अभिभूत हूं, इसके सामने तो गुजरात भी फेल है। पहलवान बालमुकुंद जी के सीने में कवि की मौजूदगी देखकर मैं हैरान हूं। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष तोरण साहू ने जो विकास की अपेक्षाएं रखी हैं, वो उनकी मांग नहीं, बल्कि यह हमारा फर्ज है और हम इसे पूरी तरह निभाएंगे।

विनाश का कारण है अहंकार: देवलाल ठाकुर
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि जब हम छोटे थे तो हमारे माता-पिता हमें दशहरा दिखाने लाते थे ताकि धर्म के प्रति आस्था बनी रहे। आप सभी अपने परिवार के साथ सनातन धर्म को जीवित रखने आए हैं, इसके लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि किसी ने पूछा था रावण की मूर्ति इतनी ऊंची क्यों होती जा रही है? तो मित्रों, अहंकार हमेशा ऊंचा ही दिखता है, लेकिन उसका अंत निश्चित है। घर में अहंकार है तो घर टूटेगा, समाज में है तो समाज टूटेगा। इसी अहंकार से बचने के लिए हम यहाँ एकत्र हुए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने महाकालेश्वर, काशी विश्वनाथ और अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण कर सनातन धर्म को गौरव दिलाया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ मिलकर केंद्रीय विद्यालय के लिए उनका प्रयास अतिशीघ्र सार्थक होने वाला है, पट्टा की मांग पूरी हो चुकी है और रावघाट रेलवे लाइन भी चालू हो गई है।

बचाना है राजहरा को: तोरण लाल साहू
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत दिलाई थी। उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक से आग्रह किया कि टाउनशिप क्षेत्र में बची हुई सड़कों का डामरीकरण जल्द कराया जाए। साथ ही वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5 और 9 में 50-60 वर्षों से बसे खदान मजदूरों के लिए 400 एकड़ जमीन के सीमांकन में से बची हुई 130 एकड़ अनुपयोगी जमीन भी नगर पालिका को सौंप दी जाए, ताकि उन्हें शासन के नियमानुसार पट्टा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एक समय राजहरा की आबादी डेढ़ लाख थी जो घटकर 45 हजार रह गई है। शहर को फिर से बसाने और बचाने के लिए बीएसपी प्रबंधन के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 5797 लोगों को पट्टे मिल चुके हैं और जल आवर्धन योजना से एक साल के अंदर सभी वार्डों में साफ पीने का पानी मिलेगा।

नारी शक्ति सबसे बड़ी शक्ति: बालमुकुंद सिंह
समिति के पूर्व अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने मंगलाचरण और ओजस्वी कविता से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश की जान है और नारी शक्ति से बढ़कर इस संसार में कोई शक्ति नहीं है। नारी का समर्पण, सौंदर्य, त्याग और विश्वास पाकर मनुष्य अक्षय शक्ति वाला बन जाता है।

साइबर ठगी से बचें: टीआई तिर्की
थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी को भी अपना ओटीपी और बैंक डिटेल शेयर न करें। डिजीटल अरेस्ट कानून की किताब में नहीं होता। यदि ठगी हो जाए तो तुरंत देरी न करते हुए 1930 डायल कर सूचित करें, शासन आपकी रकम वापस कराने का पूरा प्रयास करेगी। अंत में मार्तंड सिंह ने मुख्य महाप्रबंधक से अनुरोध किया कि पहले बीएसपी प्रबंधन द्वारा राष्ट्रीय पर्व एवं विश्वकर्मा पूजा पर जो कार्यक्रम आयोजित होते थे, उन्हें फिर से चालू किया जाए। अतिथि उद्बोधन के पश्चात भगवान श्रीराम की सेना की पूजा-अर्चना कर रावण दहन किया गया।

दशहरा उत्सव का इतिहास
दल्ली राजहरा में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति सन् 1993 से लगातार जनता के सहयोग से कार्य कर रही है। समिति ने बंद होने जा रहे दशहरा उत्सव को पुनः जीवित कर उसे उच्च शिखर पर पहुंचाया। सन 2000 में फुटबॉल मैदान पर 36 फीट का रावण बनवाया। जनता से प्राप्त चंदे के बाद बची राशि को बैंक में जमा किया जाता था और वर्ष 2006 से चंदा लेना बंद कर बैंक के ब्याज से ही उत्सव मनाया जा रहा है। समिति द्वारा कई वर्षों तक 6 नंबर विद्यालय के मंच पर
रामलीला मंचन और रामानंद सागर कृत रामायण धारावाहिक का प्रदर्शन भी कराया गया। समिति के बचे पैसों से ही मकराना संगमरमर से बनी हनुमान जी की मूर्ति, जो जयपुर से लाई गई, की स्थापना और मंदिर का निर्माण किया गया।

इनका रहा सहयोग
आयोजन में मयंक उपाध्याय (उपाध्याय कंस्ट्रक्शन), दिलीप जायसवाल( जायसवाल ट्रांसपोर्ट), पिंकू माथुर
प्रो. माथुर सिनेप्लेक्स, वरिष्ठ पत्रकार अजयन पिल्ले, कार्यकारिणी सदस्य रजीत सिंह, राजकुमार गुप्ता, सौरभ जैन, जगप्रीत सिंह संधु,
हरीश कन्नौजिया, इमरान खान, संजीव सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, चेतन लाल साहू, जे गुरूवुल्लू, आरती राम, और आरपी पांडेय का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *