दीपावली की रात क्रीड़ा परिसर में रौशन हुए गुरु को समर्पित सैकड़ों दीप
जगदलपुर। दीपावली रौशनी और खुशियों का त्योहार है, लेकिन इस बार जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में जलाए गए दीपकों की रौशनी के पीछे एक गहरी भावनात्मक कहानी भी छिपी थी। ये दीप जलाए गए थे स्वर्गीय एस. अजय मूर्ति की स्मृति और सम्मान में, जिन्हें उनके पूर्व प्रशिक्षित खिलाड़ियों और शिष्यों ने श्रद्धा के साथ प्रज्ज्वलित किया।
गुरु के जाने के बाद भी उनकी शिक्षा, अनुशासन और मार्गदर्शन को याद करते हुए बच्चों की आंखें नम हो गईं।
17 नवंबर 2025 को एस. अजय मूर्ति इस दुनिया को अलविदा कह गए, लेकिन उनके शिष्यों के लिए उनका जाना केवल एक प्रशिक्षक को खोना नहीं था, बल्कि उस इंसान को खोना था जिसने उनके सपनों को दिशा दी थी।उनके प्रति शिष्यों का सम्मान इस बात से समझा जा सकता है कि उनके निधन के बाद आज भी कोई खिलाड़ी किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना होता है तो सबसे पहले धरमपुरा स्थित उनके निवास पहुंचता है। वहां उनकी स्मृतियों के सामने नमन कर आशीर्वाद लेकर अपने खेल सफर की शुरुआत करता है। यह परंपरा बताती है कि एक सच्चे गुरु का रिश्ता प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहता। 1 अगस्त 1967 को जन्मे एस. अजय मूर्ति ने बी.कॉम और बीपी एड की शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने 1 जुलाई 1993 को शासकीय सेवा शुरू की और 24 जुलाई 1997 से धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में अपनी सेवाएं देना शुरू की थी। एथलेटिक्स, योगासन और तीरंदाजी जैसे खेलों में उनकी विशेषज्ञता रही।उनकी खेल यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 से भी जुड़ा रहा। जानकारी के अनुसार उन्होंने इन खेलों में एथलेटिक्स के लिए ‘ट्रेनिंग एरिया असिस्टेंट’ की जिम्मेदारी निभाई थी। यह उनके खेल अनुभव और तकनीकी दक्षता का महत्वपूर्ण प्रमाण है। उनके पास उपलब्ध प्रशिक्षण संबंधी पुराने अभिलेख भी उनकी मेहनत की कहानी बयां करते हैं। वर्ष 1997-98 से 2006-07 के दस वर्षों के आंकड़ों में 1,380 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने और उनके नाम 1,842 पदक दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें 827 स्वर्ण, 622 रजत और 393 कांस्य पदक शामिल हैं। उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए ‘बढ़ते कदम’ नामक पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी है। आज बस्तर के अनेक खिलाड़ी देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पीछे कहीं न कहीं अजय मूर्ति जैसे प्रशिक्षकों की वर्षों की मेहनत और समर्पण की विरासत है। दीपावली की रात क्रीड़ा परिसर में जलाए गए दीपक केवल एक दिवंगत प्रशिक्षक को श्रद्धांजलि स्वरुप नहीं थे, बल्कि उस गुरु के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक थे, जिसने बच्चों को सिर्फ खेलना नहीं, बल्कि संघर्ष करना, अनुशासन में रहना और जीवन में आगे बढ़ना सिखाया। शरीर भले ही साथ छोड़ जाए, लेकिन गुरु की दी हुई शिक्षा कभी नहीं मरती। एस. अजय मूर्ति के शिष्यों द्वारा जलाया गया हर दीप इसी गुरु-शिष्य की अमर परंपरा की गवाही दे रहा है।
