सीएम हेल्प लाइन में शिकायत भी बेअसर, नहीं जली स्ट्रीट लाइट



जगदलपुर। जनपद पंचायत बस्तर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा-मधोता 02 के खैरगुड़ा में वर्षों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण ग्रामीणों को रात के समय अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत और सीएम हेल्पलाइन तक मामला पहुंचने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना पंचायत एवं संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्ट्रीट लाइट बंद होने की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत क्रमांक सीसी 260800156608 है। शिकायतकर्ता को मिले संदेश के अनुसार शिकायत संबंधित अधिकारी को भेज दी गई है। इसके बावजूद अब तक स्ट्रीट लाइट चालू नहीं हो सकी हैं। सवाल यह है कि जब शिकायत संबंधित अधिकारी तक पहुंच चुकी है, तो फिर जमीनी स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?दूसरी ओर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा बजट की कमी का हवाला दिया जा रहा है, वहीं विद्युत विभाग से नवीन कनेक्शन के लिए आवेदन देने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब खैरगुड़ा में पहले से ही स्ट्रीट लाइटें स्थापित हैं, तो उन्हें चालू कराने के लिए नवीन कनेक्शन की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? क्या पूर्व में लगाए गए स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन और रखरखाव की व्यवस्था की कभी समीक्षा या जांच की गई? यदि बजट की कमी है तो पंचायत ने समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से कितनी बार राशि की मांग की है?आखिर वर्षों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी किसकी है? ग्राम पंचायत, विद्युत विभाग या शिकायत के निराकरण के लिए जिम्मेदार अधिकारी की? शिकायत दर्ज होने और संबंधित अधिकारी को भेजे जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी रहना व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। मामले में जनपद पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले का स्थल निरीक्षण कर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों को अंधेरे से राहत दिलाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *