93 ग्राम पंचायतें, सिर्फ 1 अस्पताल, एंबुलेंस 1 भी नहीं!



बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। 93 ग्राम पंचायतों वाले बकावंड ब्लॉक के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद सदस्य लालेद बाकडे ने इस समस्या को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है।

जनपद सदस्य लालेद बाकडे ने बताया कि हाल ही में रात के समय एक मरीज की तबीयत गंभीर हो गई थी। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर द्वारा मरीज को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीज को तत्काल जगदलपुर नहीं ले जाया जा सका। मजबूरी में परिजनों को सुबह तक इंतजार करना पड़ा और बाद में ऑटो किराये पर लेकर मरीज को जगदलपुर ले जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि बकावंड ब्लॉक में एंबुलेंस की आवश्यकता को लेकर भाजपा सांसद महेश कश्यप को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। लालेद बाकडे ने सांसद से आग्रह किया है कि बकावंड स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द एंबुलेंस की व्यवस्था कराई जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पताल पहुंचाया जा सके। एंबुलेंस की सुविधा नहीं होने से विशेषकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *