बाफना परिवार को बदनाम करने वालों की भी हो जांच
जगदलपुर। बाफना लाइफ स्टाइल दुकान से जुड़े मामले में अब बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई है। चेंबर. ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चेंबर ने स्पष्ट किया है कि बाफना परिवार भी पीड़ित परिवार के पक्ष में न्याय की मांग कर रहा है। बाफना परिवार चाहता है कि पुलिस जांच जल्द पूरी हो, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। चेंबर ने इस संवेदनशील मामले में सोशल मीडिया पर बाफना परिवार और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने, चरित्र हनन करने तथा भ्रामक नैरेटिव फैलाने के प्रयासों पर भी चिंता जताई है। चेंबर का कहना है कि कुछ लोग घटना को अनावश्यक राजनीतिक और सामाजिक रंग देकर परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। आशंका जताई गई है कि कुछ लोग घटना को राजनीतिक रंग देकर परिवार की छवि खराब करना चाहते हैं। चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ ऐसे लोगों की भूमिका की भी पहचान हो, जो भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले को गठित एसआईटी से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। चेंबर ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना, किसी परिवार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। चेंबर ने प्रशासन से पीड़ित को शीघ्र न्याय, निष्पक्ष जांच और बाफना परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इन बिंदुओं की जांच पर जोर
चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही बाफना परिवार की छवि धूमिल करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक नैरेटिव फैलाने वालों की भूमिका की भी जांच हो। पूरे मामले को एसआईटी की जांच में शामिल करते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान चेंबर अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल बोथरा, महामंत्री नवरतन जलोटा , उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, एम. श्रीधर राव मद्दी, मंत्री गजेंद्र चांडक, पूर्व अध्यक्ष भंवर बोथरा, किशोर पारख, ऋषि हेमाणी, चंद्रेश चांडक, पंकज सिंघल, मोहर झा, अरुण त्रिपाठी, सुनील दंडवानी, संदीप पारख, रोहित बैस, सोहन सोनी, सन्नी बजाज और लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।
झूठे नैरेटिव फैलाने वालों पर हो कार्रवाई: सोमानी
बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन बिना जांच और अपराध सिद्ध हुए व्यवसाय स्थल पर तोड़फोड़, अभद्रता एवं व्यापारियों के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव फैलाना बेहद चिंताजनक है। इस घटना से व्यापारियों में यह डर पैदा हो रहा है कि क्या अब बेरोजगार युवक, युवतियों को रोजगार देने से पहले भी सोचना पड़ेगा? श्री सोमानी ने सवाल उठाया है कि आखिर वो कौन लोग हैं, जो इस संवेदनशील घटना की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने और व्यापारियों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं? उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कर खुलासा होना चाहिए। श्री सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिले, दोषियों पर कार्रवाई हो और निर्दोष व्यापारियों के साथ अन्याय न हो। शहर का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
