जीएसटी अफसर आंचला गिरी के समर्थन में उतरे पूर्व विधायक कृष्ण कुमार ध्रुव

केशकाल। राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त आंचला गिरी की गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। केशकाल के पूर्व विधायक कृष्ण कुमार ध्रुव ने इस पूरे मामले पर चिंता जाहिर करते हुए आंचला गिरी के समर्थन में अपनी बात रखी है। उन्होंने कार्रवाई की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए इसे एक सुनियोजित षड्यंत्र की आशंका से जुड़ा मामला बताया है और पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
पूर्व विधायक कृष्ण कुमार ध्रुव ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि सहायक आयुक्त आंचला गिरी की कार्यशैली सदैव ईमानदारी, पारदर्शिता और शासकीय नियमों के कड़ाई से पालन के लिए जानी जाती रही है। बस्तर संभाग जैसे क्षेत्र में कर चोरी और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बीच इस प्रकार की कार्रवाई बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आंचला गिरी को निशाना बनाया गया है, उससे प्रथम दृष्टया यह आशंका उत्पन्न होती है कि कहीं निहित स्वार्थों और भ्रष्ट तंत्र के दबाव में एक ईमानदार अधिकारी का मनोबल तोड़ने तथा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास तो नहीं किया गया है? हालांकि, पूरे मामले की वास्तविकता निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आनी चाहिए। श्री ध्रुव ने प्रशासनिक व्यवस्था में ईमानदार अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अधिकारी यदि पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं और इसके बावजूद उन्हें इस तरह के प्रकरणों का सामना करना पड़ता है, तो यह पूरी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है। इससे न केवल संबंधित अधिकारी का मनोबल प्रभावित होता है, बल्कि अन्य अधिकारियों के बीच भी स्वतंत्र और निष्पक्ष होकर कार्य करने को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।पूर्व विधायक ने इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल हो सके। साथ ही पर्दे के पीछे यदि किसी प्रकार का षड्यंत्र या निहित स्वार्थों की भूमिका है, तो उसकी भी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर होनी चाहिए, जिससे किसी के साथ अन्याय न हो। कृष्ण कुमार ध्रुव ने न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी और आंचला गिरी को न्याय मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से काम करने वाले अधिकारियों का संरक्षण प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *