महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा का केंद्र – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कवर्धा,,, 24 नवंबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा के हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपए की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक एवं महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों द्वारा उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा देना है। छत्रपति शिवाजी महाराज और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाएं इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही कवर्धा शहर में और महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को महापुरुषों के जीवन चरित्र का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है। हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसी तरह पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण होगा। बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कहा कि विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है तथा मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं, जहां निर्माण कार्य जारी है। आने वाले समय में भोरमदेव का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही विभिन्न प्रमुख मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है। नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई गई है। नया बस स्टैंड भी प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा, ताकि नगर का विस्तार हो और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें। नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने देव दीपावली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। महर्षि कश्यप जी जैसे महान ऋषियों एवं महापुरुषों ने समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों, आदर्शों और बताए गए मार्गों पर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है, वह हम सभी के लिए चिंतन का विषय है। ऐसे समय में महापुरुषों के जीवन, चरित्र, संस्कारों और विचारों का अध्ययन करना बेहद आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को आत्मसात कर सके और समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। श्री चंद्रवंशी ने कहा कि आज देश और समाज को ऐसे राष्ट्रभक्त, समाजसेवी एवं संस्कारवान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा दिखा सकें। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और उन्हें चरित्रवान बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए समय नहीं निकालेंगे और उनके संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में प्रयास नहीं करेंगे, तो यह भविष्य के लिए चिंता का विषय होगा। कसौधन गुप्ता समाज के प्रांतीय अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने समाज की ओर से महर्षि कश्यप जयंती के पावन अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने का निवेदन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के समक्ष रखा। इस पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके इस आग्रह पर सकारात्मक पहल की जाएगी। महर्षि कश्यप चौक एवं प्रतिमा का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और महर्षि कश्यप के प्रति सम्मान का प्रतीक है। चौक के निर्माण से क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, विजय लक्ष्मी तिवारी, नम्रता मोदी, दौवा गुप्ता सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।
