मनाया भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 101वां जन्मोत्सव
जगदलपुर। भगवान श्री सत्य साईं बाबा का 101वां जन्मोत्सव सोमवार, 23 नवंबर को पल्लीभाटा में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सत्य साईं सेवा समिति पल्लीभाटा के तत्वावधान में समिति के सदस्यों एवं साईं भक्तों द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ धर्म ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात सामूहिक प्रार्थना एवं विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से बाबा के प्रेम, शांति, सेवा और मानवता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर माता-बहनों द्वारा भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली यह यात्रा गांव के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी। इस दौरान साईं भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना रहा। जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम मुख्य मार्ग स्थित श्री साईं बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया, जहां ग्राम के प्रबुद्धजनों, समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने सहभागिता की। इस दौरान भक्तों ने सुमधुर भजन-संकीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। इसके साथ ही भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव समारोह का श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। इस आयोजन ने एक बार फिर बाबा के प्रेम, सेवा, त्याग और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी कार्य किया। कार्यक्रम का आयोजन समिति के अध्यक्ष लच्छूराम यादव के नेतृत्व में हुआ। इसमें सेवा प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर, लच्छू राम यादव, तुलसी राम ठाकुर, तेज लाल यादव, केदार सिंह ठाकुर, रूपेंद्र चंदेल प्रदीप ठाकुर, त्रिनाथ ठाकुर, पिलाराम, सुनील यादव, रिंकी ठाकुर, शार्दूल ठाकुर, निर्मला ठाकुर, सुरजा बाई चंदेल, जानकी यादव, हीना, कंचन, चंदा, लल्ली, आदि का सहयोग रहा।
