बस्तर की 7 जनपद पंचायतों में उप चुनाव की तैयारियां तेज



जगदलपुर। बस्तर जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में रिक्त पदों पर निर्वाचन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा द्वारा जारी आदेश के अनुसार 7 जनपद पंचायतों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत जिले की 7 जनपद पंचायतों में कुल 2 सरपंच और 20 पंच पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संचालित की जानी है। जनपद पंचायत जगदलपुर के अंतर्गत माड़पाल में 01 सरपंच पद के निर्वाचन के लिए तहसीलदार जगदलपुर राहुल कुमार गुप्ता को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिरेंद्र बहादुर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत बस्तर के नवा रतेंगा, सितलावंड, मुरकुची, कुम्हली और भोंड में कुल 5 पंच पदों के लिए तहसीलदार बस्तर जॉली जेम्स को रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत बकावंड के चारगांव, गारेंगा, कोहकापाल, छोटे देवड़ा, नलपावंड, तारापुर और पोलेबेड़ा में 7 पंच पदों के निर्वाचन हेतु तहसीलदार बकावंड जागेश्वरी गावड़े को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा के अंतर्गत मारीकोडेर, अलनार और तारागांव में 3 पंच पदों तथा बोदली में 1 सरपंच पद के निर्वाचन के लिए तहसीलदार लोहंडीगुड़ा कैलाश पोयाम को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पांडे को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं जनपद पंचायत तोकापाल के केशलूर में 1 पंच पद के लिए तहसीलदार तोकापाल यशोदा केतारप को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलू तिर्की को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर का दायित्व मिला है। जनपद पंचायत बास्तानार के जूनाटप्पा बड़े किलेपाल-3 और बड़े किलेपाल-1 में 2 पंच पदों के निर्वाचन के लिए तहसीलदार बास्तानार पुष्पराज मिश्रा को रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत दरभा के कामानार में पंच के एक पद के लिए निर्वाचन हेतु तहसीलदार दरभा सुनील कुमार ध्रुव को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुन्ना कश्यप को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *