बैलाडीला की खदानों में 28 नवंबर को हड़तालअब मुनाफा बनाम संवैधानिक अधिकार की लड़ाई
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में स्थित राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) की परियोजनाएं एक बार फिर जनचर्चा, प्रशासनिक संवेदनशीलता और सामाजिक आक्रोश के केंद्र में हैं। 28 नवंबर को होने वाली व्यापक हड़ताल अब केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि बस्तर के स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई बन चुकी है। युवा बेरोजगार, विशेषकर आदिवासी एवं मूल निवासी एल-1 और एल-2 की लंबित भर्ती को लेकर सड़कों पर उतरने को विवश हैं। यह अत्यंत पीड़ादायक है कि विधायक, सांसद, कलेक्टर और प्रदेश के मुख्यमंत्री सभी आदिवासी समाज से आते हैं, फिर भी आदिवासी युवाओं को अपने जायज रोजगार के लिए हड़ताल की राह पकड़नी पड़ रही है।
स्थानीय विधायक की स्पष्ट चेतावनी के बावजूद एनएमडीसी प्रबंधन ने बड़े-बड़े गेट खड़े कर लिए। इससे एक गंभीर प्रश्न खड़ा होता है कि क्या सत्ता में बैठी भाजपा सरकार के अपने ही विधायक की प्रतिष्ठा से अधिक एनएमडीसी के धन का महत्व हो गया है? वहीं जनता पूछ रही है कि चुनाव से पहले रोजगार का वादा था, आज इरादा क्यों बदल गया? क्या यह सब आगामी चुनाव में असर दिखाएगा, या लोग फिर भूल जाएंगे?
ये है संवैधानिक व्यवस्था?
यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, संविधान की है।
संविधान के अनुच्छेद 14 कानून के समक्ष समानता का प्रावधान है। जब देश के अन्य हिस्सों में भर्ती होती है, तो दंतेवाड़ा के मूलनिवासियों को क्यों वंचित रखा जा रहा है?अनुच्छेद 16 (4) के तहत राज्य को पिछड़े वर्गों के लिए नियुक्तियों में आरक्षण का अधिकार है। बस्तर के आदिवासियों को प्राथमिकता देना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। अनुच्छेद 21 में जीवन और आजीविका का अधिकार दिया गया है। रोजगार से वंचित करना, जीवन के अधिकार से वंचित करने के समान है।
अनुच्छेद 39 (ख) और (ग) में भौतिक संसाधनों का स्वामित्व इस प्रकार बंटा हो कि जनसामान्य का हित हो। यहां का लोहा बिक रहा है, लेकिन यहां के लोग गरीबी, बीमारी और पलायन में जी रहे हैं। पांचवीं अनुसूची एवं पेसा अधिनियम 1996 के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासियों की सहमति के बिना उनके संसाधनों का दोहन नहीं हो सकता।
खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 9 में जिला खनिज न्यास का पैसा स्थानीय विकास के लिए देने का प्रावधान है।
एनएमडीसी की लापरवाही
आएदिन एनएमडीसी के कार्यों में दुर्घटनाएं हो रही हैं, जो प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही को दर्शाती हैं। स्लरी पाईप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में हाऊरनार के गंगा ठाकुर के पुत्र की मृत्यु हुई थी। बचेली में ठेकेदार के श्रमिक भरत सिंह बिना सेफ्टी के गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था। 14 नंबर माइनिंग में लैंड स्लाइड की लगातार हो घटनाएं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और कारखाना अधिनियम के उल्लंघन को दर्शाती हैं।
श्रमिक यूनियन भी कटघरे में
युवा बेरोजगारों का सबसे बड़ा प्रश्न वर्तमान श्रमिक यूनियन से है। वेज रिवीजन के बाद से यूनियन की आवाज शांत क्यों हो गई है? न आंदोलन, न आवाज, केवल पत्राचार की औपचारिकता। जनता पूछ रही है कि क्या भर्ती निकलने से ओवरटाइम प्रभावित होगा, इसलिए यूनियन चुप है? जिन जरूरतमंदों की भीड़ दिखाकर पूर्व की हड़ताल सफल की गई, क्या उन्हें यूनियन भूल गई? क्या अपने लाभ होते तक सारी लड़ाई सीमित थी ? क्या भविष्य में यूनियन नेताओं के बच्चों को नौकरी की आवश्यकता नहीं पड़ेगी? अन्य जरूरतमंदों का हक दिलाना क्या यूनियन की जिम्मेदारी नहीं है? रेगुलर कर्मचारियों के मृत्यु के बाद भी परिवार अपने हक के लिए क्यों भटक रहा है , यह भी गंभीर चिंता का विषय है ?, जनता को यूनियन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
50 मिलियन टन बनाम भूखा बस्तर
एक ओर एनएमडीसी के सीएमडी 50 मिलियन टन उत्पादन की वाहवाही लूट रहे हैं और भविष्य में 100 मिलियन टन उत्पादन लक्ष्य हासिल कर महारत्न कंपनी बनने का सपना देख रहे हैं। दूसरी ओर दंतेवाड़ा के लोग रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रहे हैं। यदि यहां का लोहा बेचकर यहां के लोगों को लाभ नहीं हो रहा, तो इस खनन का औचित्य क्या है? यह प्रश्न सीधे प्रधानमंत्री और सरकार से है। अब देखना यह होगा कि क्या हड़ताल से पहले शांति से वार्ता होती है? क्या सभी जनप्रतिनिधि, विपक्षी दल, श्रमिक यूनियन और समाज एक मंच पर आएंगे? क्या दंतेवाड़ा वासियों और मूलनिवासियों के लिए एल-1 और एल-2 की भर्ती निकाली जाएगी, या फिर एक और आश्वासन देकर मामला शांत कर दिया जाएगा? अब तो 28 नवंबर तय करेगा कि बस्तर केवल खनिज देगा या उसे उसका संवैधानिक हक भी मिलेगा ?
