मच्छरों से पाना चाहते हैं छुटकारा तो घर व आस-पास लगाएं ये 10 पौधे
विषय-विशेषज्ञों द्वारा चिन्हांकित औषधीय पौधों के रोपण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा लोगों को जागरूक।
कवर्धा :- मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए कैमिकल युक्त दवाओं की जगह औषधीय पौधों का उपयोग बढाया जा रहा है। इसके लिए राज्य शासन ने पत्र जारी कर ऐसे ओषधीय पौधों की सूची जारी की है, जिन्हें लगवाने से मच्छरों को पनपने से रोकने में मदद मिलती है।
इस पत्र के संदर्भ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुजॉय मुखर्जी ने बताया कि तुलसी, कृष्ण तुलसी, ओडोमास, पुदीना, दमनक, अजवाइन, मारीच,लहसुन, गेंदा और लेमनग्रास के पौधों का रोपण जिले के सभी कार्यालयों में करवाने की सलाह समस्त अधिकारियों-करचारियों को दी गई है। इसके अतिरिक्त घरों में इन पौधों को लगवाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इनके लाभ के बारे में भी लोगों को बताया जा रहा है। मच्छर कम होने से उनकी वजह से होने वाली बीमारियों जैसे- मलेरिया, डेंगू व अन्य में कमी लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिले के जिन विकासखण्डों में मलेरिया व डेंगू के प्रकरण अधिक मिले हैं उन ग्रामों व एरिया का चिन्हांकन करके टीम द्वारा लोगों को उक्त पौधों के रोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बांटे पौधे, स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया है रोपण
उक्त पौधों का रोपण जिले के बहुत से स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया है, इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग ने कलेक्टर , एसपी, एसडीएम, जिला पंचायत सी ई ओ आदि कार्यालयों में उक्त पौधे भेंट कर सभी को इन पौधों का उपयोग बढाने की सलाह दी गई।
डॉ मुखर्जी ने बताया कि तुलसी का पौधा हवा साफ रखने के साथ-साथ छोटे-छोटे कीड़े और मच्छरों को भी आपसे दूर रखता है। इसके पत्तों का इस्तेमाल आप चाय और काढ़ा बनाने के लिए कर सकते हैं।
इसी प्रकार गेंदे का फूल ना सिर्फ आपके घर के बालकनी को खूबसूरत बनाने का काम करता है बल्कि इसकी खुशबू मच्छरों और उड़ने वाले कीड़ों को भी आपसे दूर रखती है। मच्छरों को भगाने के लिए इस फूल की जरूरत नहीं होती, उसके लिए इसका पौधा ही काफी होता है।
उन्होंने बताया कि प्रायः लेमन ग्रास का इस्तेमाल उसकी सुगंध की वजह से किया जाता है, लेमन ग्रास के पौधे का इस्तेमाल मच्छर भगाने वाली कई दवाओं में भी किया जाता है। इसकी मनमोहक और ताजगी भरी खुशबू एक तरफ जहां मूड फ्रेश करने का काम करती है वहीं इसकी खुशबू से मच्छर दूर भागते हैं।
