अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

कवर्धा,,,24 अगस्त 2026। सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए और नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के बीच आत्मीयता के साथ समय बिताया। उन्होंने मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी का वितरित किया और उनके साथ बैठकर भोजन प्रसादी भी ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग में कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, ठहरने और भोजन सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन माह के इस पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *