ओबीसी महासभा की संभाग स्तरीय बैठक में सामाजिक न्याय की हुंकार

जगदलपुर। ओबीसी महासभा की संभाग स्तरीय कैडर मीटिंग का आयोजन जगदलपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता बस्तर संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू उपस्थित रहे। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। लगातार बारिश के कारण अपेक्षित संख्या में कार्यकर्ता नहीं पहुंच सके, इसके बावजूद उपस्थित सदस्यों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम स्थल “जय ओबीसी, जय संविधान” के नारों से गूंजता रहा।

बैठक में ओबीसी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और संवैधानिक अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि ओबीसी समाज को उसकी आबादी के अनुपात में शासन-प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर उचित प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। मंडल आयोग की सिफारिशों को सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

27 प्रतिशत आरक्षण और शिक्षा पर जोर

बैठक में शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे। वक्ताओं ने ओबीसी वर्ग के लिए शिक्षा और सरकारी सेवाओं में 27 प्रतिशत आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग रखी। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, आवासीय विद्यालय और छात्रवृत्ति की सुविधाओं का विस्तार करने तथा समाज में प्रौढ़ शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई। क्रीमी लेयर और आरक्षण सीमा से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

वहीं भूमिहीन ओबीसी परिवारों को अनुपयोगी सरकारी भूमि का नियमानुसार वितरण करने तथा समाज के आर्थिक विकास के लिए विशेष बजट की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। केंद्र और राज्य स्तर पर ओबीसी समाज के लिए प्रभावी संस्थागत व्यवस्था और आयोग को मजबूत करने की बात भी कही गई।

खिलेश्वरी साहू को महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियों की घोषणा भी की गई। खिलेश्वरी साहू को ओबीसी महासभा प्रदेश अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं लच्छिन यादव को ओबीसी महासभा बस्तर संभाग प्रभारी का दायित्व दिया गया। दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गांव-गांव संगठन मजबूत करने का संकल्प

बैठक के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहु ने ओबीसी समाज को जमीनी स्तर पर संगठित और जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकारों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना जरूरी है। संगठन को ग्राम, ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर मजबूत करने तथा महिला एवं युवा वर्ग की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।

बैठक में सामाजिक समानता, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *