सीआरपीएफ 85 बटालियन के मुख्यालय में शहीद स्मारक का हुआ अनावरण

बीजापुर :- जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ 85 बटालियन द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक का अनावरण किया गया । आज ही के दिन 1959 में सी.आर.पी.एफ. की तीसरी बटालियन के मात्र एक कंपनी के 21 जवानों के गश्ती दल ने ‘हॉट स्प्रिंग’ लद्दाख में चीनी सेना के एक बहुत बड़े दस्ते के आक्रमण को विफल किया तथा मातृभूमि की रक्षा करते हुए हमारे 10 शूरवीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हमारे बल के लिए यह गौरव की बात है कि हमारे इन निर्भीक और पराक्रमी जवानों के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर पुलिस स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है। यह बल बहादुरों का बल है, जिन्होंने समय-समय पर अपनी वीरगाथाओं से बल के इतिहास और वर्तमान को समृद्ध किया है।

पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर के अवसर पर नयापारा, बीजापुर स्थित 85 वाहिनी, केरिपुबल के परिसर में पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) रेंज, के.रि.पु. बल, बीजापुर सुशील मिश्रा द्वारा राष्ट्र सेवा में प्राणों की आहुति देने वाले 85 वाहिनी के अमर शहीदों की स्मृति में नवनिर्मित शहीद स्मारक का अनावरण किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में शहीदों के बलिदान को याद किया एवं उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी जवानों व अधिकारियों से वाहिनी के शहीद जवानों से प्रेरणा लेते हुए अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन हेतु आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान ग्रामीणों से मानवीय व्यवहार रखें एवं सदैव ध्यान रखें कि आप उनके जीवन को सुरक्षित व सुदृढ बनाने हेतु कार्यरत हैं।

85 वाहिनी देश के विभिन्न स्थानों में तैनातो के उपरांत मई, 2008 से बीजापुर (छत्तीसगढ़) में नक्सल विरोधी अभियान हेतु तैनात है। इस वाहिनी ने बीजापुर में अनेक महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ कई नक्सलियों का आत्मसमर्पण सुनिश्चित किया एवं उन्हें मुख्य धारा में लाने में सफलता अर्जित की है।

इस विशेष अवसर अतिरिक्त कमाण्डेन्ट 85 वाहिनी श्री जे० वी० तुसिंग, रेंज के अंतर्गत तैनात अन्य वाहिनियों के कमाण्डेन्ट, अन्य अधिकारीगण, वाहिनी के समस्त कार्मिक, मीडिया कर्मी एवं वरिष्ठ पत्रकार भी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *