दुनिया बदलने के लिए शिक्षा सबसे मजबूत हथियार : लखेश्वर



बकावंड :- क्षेत्रीय विधायक एवं बस्तर आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने संकुल परचनपाल में भारत उदय गुरुकुलम का लोकार्पण किया। मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर उन्होंने संस्था की समृद्धि हेतु कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री बघेल ने कहा कि गुरुकुल शिक्षा प्रणाली के अनुसार मानव जीवन का मुख्य उद्देश्य आत्म ज्ञान अथवा ब्रह्म ज्ञान की प्राप्ति का प्रयत्न होना चाहिए। इसके लिए लोगों में धार्मिक भावना का विकास करना आवश्यक है। पहले गुरुकुलों में छात्रों के शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक विकास पर बल दिया जाता था। ताकि उनके व्यक्तित्व का समन्वित विकास हो सके। आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर अधिक बल दिया जाता था। मानसिक विकास के लिए प्रश्नोत्तर, वाद-विवाद तथा शास्त्रार्थ का प्रावधान था। इससे विद्यार्थियों में चिंतन मनन का गुण पैदा होता था और व्यक्तित्व एवं मानसिक शक्ति विकसित होती थी।

लखेश्वर बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को उसके स्वयं के प्रति कर्त्तव्यों और सामाजिक दायित्वों का बोध कराती है। व्यक्तित्व विकास, ईश्वर भक्ति, चरित्र निर्माण तथा धर्म पर विश्वास आदि का बोध होना चाहिए। शिक्षा एक ऐसा हथियार है, जिसके जरिए दुनिया में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में दिनेश यदु, रमेश माधवानी, आशीष मिश्रा, चंपा ठाकुर, बुदरू बघेल, श्यामकुमारी, जितेंद्र तिवारी, तुलसी राम ठाकुर, जयंती नेताम, डमरूधर बघेल, मजहर खान, तयेंद्र ठाकुर एवं स्कूल स्टॉफ तथस व ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *