रिहायशी क्षेत्र में कचरा डंप करा रहा है निगम प्रशासन
जगदलपुर :- नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय ने कहा है कि डोंगाघाट में कचरा डंप करने से जनता त्रस्त है और महापौर भ्रष्टाचार में मस्त हैं। संजय पाण्डेय, भाजपा नेताओं और पार्षदों ने सार्वजनिक स्थल में गंदगी फैलाने के मामले में महापौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने हेतु कोतवाली थाने में आवेदन दिया है। भाजपा नेताओं ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

नगर निगम भाजपा पार्षद दल एवं नगर मंडल भाजपा ने शनिवार को कोतवाली थाना जगदलपुर के नगर निरीक्षक अमित शुक्ला को डोंगाघाट शिव मंदिर वार्ड में कचरा डंप करने से होने वाले प्रदूषण एवं उससे उत्पन्न हो रही गंभीर बीमारियों का हवाला देते हुए निगम के जिम्मेदार नेताओं एवं अधिकारियों के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज़ करने पत्र सौंपा। संजय पाण्डेय ने कहा है कि नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट शिव मंदिर वार्ड में एक पुराने तालाब रूपी गड्ढे को भरने के नाम पर नगर निगम ने कचरा डंपिंग यार्ड बना दिया है। शहर से निकलने वाले सूखे व गीले कचरे को एसएलआरएम सेंटरों में छंटाई कर खपाने के लिए भेजा जाना चाहिए, उसे रिहायशी बस्ती के समीप गड्ढे में डालकर लोगों का जीना मुश्किल बना दिया गया है। विगत 21 जुलाई को भाजपा पार्षद दल ने महापौर और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस पर रोक लगाने की मांग की थी। आयुक्त ने पार्षदों से चर्चा करते हुए कहा था कि वह पांच सात दिन के अंदर कोई व्यवस्था बनाकर सार्वजनिक स्थल पर कचरा डालना बंद कराने पहल करेंगे।परंतु कई बार मौखिक और लिखित शिकायत के बाद भी मसला सुलझाया नहीं जा रहा है। जबकि इस मुद्दे को निगम की सामान्य सभा में भी प्रमुखता से उठाया गया था। संजय पाण्डेय ने महापौर सफीरा साहू और निगम प्रशासन पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे द्वारा कहा गया कि विगत 3 माह से भी अधिक समय से डोंगाघाट शिव मंदिर वार्ड में शहर का कचरा डंप किया जा रहा है, जिसके कारण उक्त क्षेत्र में बैक्टीरिया, मक्खियां मच्छर पैदा होकर विभिन्न गंभीर बीमारियों को जन्म दे रहे हैं। पर्यावरण की दृष्टि से शहर का सबसे सुंदर यह वार्ड निगम के इस कृत्य से सबसे ज्यादा प्रदूषित हो गया है। पर्यावरण प्रदूषित होने से जहां वार्ड में विभिन्न बीमारियां हो रहे हैं, वही जनहानि की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति महापौर की संवेदनाएं मर चुकी हैं। भ्रष्टाचार करने में सत्ता दल मस्त है और जनता त्रस्त है। शहर के गंदे कचरे को वार्ड में डालना या गड्ढे में भरने से नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों एवं शासकीय आदेशों की अवहेलना हो रही है। यह आपराधिक कृत्य है, अतः अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही के लिए एफआईआर दर्ज करने पत्र दिया गया है। नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा शासित वार्डों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। लोगों के जानमाल की क़ीमत इनके लिए कोई मायने नहीं रखती है। जो कार्य नियम विरुद्ध है उसे प्रशासनिक गुंडा गर्दी के दम पर कराया जा रहा है। पहले ज्ञापन दिया गया, सामान्य सभा में विषय लाया गया और एफआईआर हेतु आज थाने में पत्र दिया गया है। और इस पर भी अगर प्रशासन की नींद नहीं खुलती है, तो वार्डवासियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करके आंदोलन किया जाएगा।इस अवसर पर शिव मंदिर वार्ड के पार्षद निर्मल पाणिग्रही, राजपाल कसेर, दिगंबर राव, आलोक अवस्थी, मोतीराम बघेल, आशुतोष पाल, शशिनाथ पाठक, कमल पटवा, प्रकाश झा, सपन देवांगन, पंकज आचार्य, लक्ष्मण झा, आनंद झा, रिंकू शर्मा, प्रेम यादव, किरण शुक्ला, विनोद मूलचंदानी, विनय झा, योगेश मिश्रा, राज पांडे, राजेशचंद्र दास, सुनील दास के साथ शिव मंदिर वार्ड के नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
