विधायक शैलेश पांडेय ने सीएम को लिखा पत्र,कलेक्टर पर राजद्रोह लगाने की माग की

बिलासपुर- राज्य स्थापना दिवस पर जिले में आयोजित राज्योत्सव में बिलासपुर के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अपमान का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बिलासपुर के शहर विधायक शैलेश पांडे इसे लेकर खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने सीएम को पत्र लिख बिलासपुर कलेक्टर पर इसका ठीकरा फोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाया है। इसके साथ ही विधायक ने सीएम से बिलासपुर कलेक्टर को तत्काल हटाने और राजद्रोह की कार्रवाई करने की मांग की है। सीएम को लिखे पत्र में विधायक ने कहा है कि, बिलासपुर कलेक्टर डॉ सारांश मित्तर प्रशासनिक अमले के मुखिया के रूप में आपकी सरकार का और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का लगातार अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में आयोजित राज्योत्सव के कार्यक्रम में न तो उन्हें आमंत्रित किया गया और ना ही महापौर, सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष को सम्मान पूर्वक कार्ड में लिखकर आमंत्रित किया गया। जबकि बिलासपुर जिले से लगे जीपीएम और मुंगेली जिले में वहां के कलेक्टरो ने राज्योत्सव के कार्यक्रम में सम्मानित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण कार्ड में उनके नाम का उल्लेख कर ससम्मान आमंत्रित किया था। बतौर प्रमाण शैलेश पांडे ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के साथ ही मुंगेली और जीपीएस जिले के राज्य उत्सव का आमंत्रण कार्ड भी भेजा है।
