सीमा साहू को मिला ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’

गरियाबंद(पाण्डुका) – सुप्रसिद्ध दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर, रायपुर के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर वृंदावन सभागृह, रायपुर में भव्य एवं ऐतिहासिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था वक्ता मंच तथा दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उत्कृष्ट कार्यों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाण्डुका की शिक्षिका सीमा साहू को ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षिका सीमा साहू ने अपने कार्यों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, योग के प्रति जागरूकता, स्काउटिंग गतिविधियों तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के प्रति उनकी सक्रिय सहभागिता और रचनात्मक कार्यों ने उन्हें एक समर्पित शिक्षक के साथ-साथ साहित्य एवं संस्कृति के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान उनके वर्षों के परिश्रम, निष्ठा और बहुआयामी योगदान का गौरवपूर्ण प्रतिफल है। उनकी उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि नगर एवं समूचे क्षेत्र के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय है। शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्वों का इस प्रकार सम्मान किया जाना समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान कर उनकी उपलब्धियों को मंच प्रदान किया गया। आयोजन ने समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और जनकल्याण के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन किया। सीमा साहू को प्राप्त ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ उनकी कर्मनिष्ठा, सामाजिक प्रतिबद्धता और बहुआयामी प्रतिभा का सम्मान है।उनकी यह उपलब्धि निश्चित रूप से युवा पीढ़ी, शिक्षकों तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और समाजहित में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगी। सीमा साहू ने इस अवसर पर सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया। सीमा साहू को सम्मानित किये जाने पर स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, मित्रगण, परिवारजन एवं शुभचिंतको ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *