साय सरकार ने ठेकेदारों को दी बड़ी राहत, मिलेगी डामर की अंतर राशि
दल्ली राजहरा। राज्य की सुशासन सरकार ने छत्तीसगढ़ में निर्माण कार्यों में कार्यरत ठेकेदारों को बिटुमीन डामर की क्षतिपूर्ति राशि देने की घोषणा कर बड़ी राहत पहुंचाई है। केबिनेट के इस फैसले पर ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।
बिटुमीन डामर की लगातार बढ़ती कीमत से परेशान होकर ठेकेदार अपना अनुबंधित कार्य नहीं कर पा रहे थे। डामर की कीमत बढ़ने से लागत भी बढ़ गई थी। इससे ज्यादातर सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे थे।इस मसले को लेकर माथुर कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर आशुतोष माथुर के नेतृत्व में आरसी जैन कंस्ट्रक्शन के रिखब जैन, उपाध्याय कंस्ट्रक्शन के मयंक उपाध्याय, एसएस इंफ्रा के सपन जैन, मेसर्स एसआर सरकार कंस्ट्रक्शन के सुबीर सरकार, भारद्वाज कंस्ट्रक्शन के राजेंद्र भारद्वाज आदि ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री से कुछ दिनों पहले मुलाकात की थी। ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री डामर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से निर्माण कार्यों में आ रही परेशानी से अवगत कराया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा इन ठेकेदारों को दिलाया था। इसके बाद विष्णु देव साय सरकार केबिनेट की हुई बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण अंतर्गत संचालित तथा लोक निर्माण विभाग अंतर्गत सड़क निर्माण, नवीनीकरण एवं संधारण के लिए अनुबंधित ठेकेदारों को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 की अवधि में ठेकेदारों को क्रय एवं उपयोग किए गए डामर की राहत राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा 1 अप्रैल 2026 से पूर्व के अनुबंधित ठेकेदारों को भी 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक क्रय एवं उपयोग किए गए डामर की अंतर राशि प्रदान करने का भी फैसला लिया गया है। इससे सरकार को 70 करोड़ से 100 करोड़ रु. तक अतिरिक्त राशि वहन करनी पड़ेगी। सरकार के इस अहम फैसले पर खुशी जताते हुए आशुतोष माथुर, रिखब जैन, मयंक उपाध्याय, सपन जैन, सुबीर सरकार, राजेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार माना है।
