किसानों को 31 सौ रू. की दर पर होगा धान की राशि का एकमुश्त भुगतान साय


मुख्यमंत्री साय ने दी बस्तर को करोड़ों रू. की सौगात

83 स्वच्छता दीदियों को वितरित की गई ई रिक्शा

जगदलपुर। दो दिवसीय बस्तर जिले के प्रवास पर शुक्रवार को जगदलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बस्तर जिले को करोड़ों की सौगात दी। उन्होंने राज्य के किसानों को 3100 रू. प्रति क्विंटल की दर से धान की राशि का एकमुश्त भुगतान करने की भी घोषणा की।मुख्यमंत्री ने बुरुंदवाड़ा सेमरा में स्थित लगभग 3 करोड़ 50 लाख रू. की लागत से निर्मित सिरी (एमआरसी) और समृद्धि (एमआरएफ) का लोकार्पण किया। महिला स्व सहायता समूह की सदस्याओं से चर्चा की। श्री साय ने स्वच्छता दीदियों को 83 ई रिक्शा का वितरण भी किया। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जगदलपुर जनपद के दस गांवों की स्वच्छता दीदियों को रिक्शा दी गई। उन्होंने नगरनार और किलेपाल में कॉलेज खोलने की घोषणा भी की।

इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विलंब से पहुंचने पर नागरिकों से क्षमा याचना की। उन्होंने कहा कि आज पौष पुन्नी का दिन है, आप सभी को छेरछेरा की गाड़ा गाड़ा बधाई। श्री साय ने कहा कि आज के इस अवसर पर हम देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान दिया।बस्तर क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए जिन्होंने अपनी कुर्बानी दी है उन्हें भी नमन करते हैं। सौ करोड़ से ज्यादा के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन मिशन की घोषणा देश के प्रधानमंत्री ने की थी। उसके चलते देश के हर घर में शौचालय का निर्माण हुआ है। अब कचरे का भी उपयोग किया जाता है। कचरे को रिसाइकिल कर उससे कई चीजें बनाई जा रही हैं। कचरे से दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाले स्वयं सेवा समूहों की महिलाओं को मैं बधाई देना चाहूंगा। जिस तरह से विधानसभा चुनाव में आपने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया और बस्तर संभाग की 12 में से 8 विधानसभा सीटों पर जीत दिलाई उसके लिए भी आपको बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार को बने सिर्फ डेढ़ माह हुआ है, लेकिन हम मोदी की गारंटी पर चल पड़े हैं। 13 दिसंबर को हमने शपथ ली और 14 दिसंबर को ही हमने 18 लाख घरों के लिए निर्णय ले लिया था। हमने सुशासन दिवस पर दो साल के बकाया धान बोनस के 3716 करोड़ रूपए सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किए। हमारे बच्चों के साथ खिलवाड़ हुआ था, पीएससी में घोटाला हुआ था। मोदी जी ने कहा था इस पर कार्रवाई होगी। हमने सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई जरूर होगी। धान 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर खरीदा जाएगा। अभी समर्थन मूल्य दिया जा रहा है और बाकी राशि एकमुश्त जल्द ही दी जाएगी। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सालभर के 12 हजार रूपए भी जल्द ही जारी करेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहक बोनस योजना भी जल्द शुरू होगी।जिसमें उन्हें 4500 रूपए बोनस की पात्रता भी होगी।
22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। हम सरकारी खर्चे में छत्तीसगढ़ के लोगों को रामलला के दर्शन कराएंगे। इसके लिए रामलला योजना शुरू की जा रही है। हमारी सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करेगी। श्री साय ने नगरनार और किलेपाल में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *