महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित हैं केंद्र व राज्य सरकारें लक्ष्मी राजवाड़े



जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से औपचारिक मुलाकात व चर्चा की। उन्होंने महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार व प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मोदी सरकार और विष्णुदेव साय सरकार महिलाओं के समग्र उत्थान के लिए समर्पित भाव से काम कर रही हैं। नौकरियों और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें आरक्षण का लाभ दिलाने के लिए मोदी सरकार ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है। इससे अब महिलाओं को बराबरी का हक मिलने लगेगा। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी मोदी सरकार और साय सरकार ने अहम योजनाएं शुरू की हैं। लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए वादे के अनुरूप छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना जल्द लागू होने वाली है। इस योजना के तहत हर विवाहित महिला को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और गर्भवती तथा शिशुवती महिलाओं को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता को और भी बढ़ाने की बात कही। कुछ पत्रकारों ने विभाग से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका मंत्री ने सटीक जवाब दिए। सौम्य स्वभाव वाली मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सहजता पूर्वक सभी पत्रकारों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया। वे मंत्री बनने के बाद पहली बार जगदलपुर आई थीं। यहां कुछ देर रुकने के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव सिंह के पिता कुमार लक्ष्मी नारायण देव के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुकमा रवाना हो गईं। इस दौरान यहां जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, भाजपा और महिला मोर्चा के पाधिकारी उपस्थित थे। भाजपा व महिला मोर्चा के लोगों ने मंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *