अविश्वास प्रस्ताव पर पलायन नहीं, सामना करे कांग्रेस – संजय पाण्डेय



जगदलपुर :- नगर निगम जगदलपुर के भाजपा पार्षद दल ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त के नाम नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। भाजपा पार्षद नारे लगाते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन महापौर एवं आयुक्त की अनुपस्थिति में नगर निगम के सहायक अभियंता धर्मेंद्र मिश्रा को ज्ञापन दिया और चर्चा भी की।
विदित हो कि नगर निगम में 11 मार्च को अविश्वास प्रस्ताव को लेकर और सामान्य सभा की बजट बैठक आहूत की गई है। निगम अध्यक्ष कविता साहू द्वारा 11 मार्च को सामान्य सभा की बैठक का पत्र जारी करने के बाद अब उसे आगे बढ़ाने की कूट रचना की जा रही है। ज्ञापन में नगर निगम आयुक्त से सामान्य सभा की तिथि नहीं बढ़ाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। भाजपा पार्षद दल के नेता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने कहा है कि साढ़े सात माह बीतने के बाद महापौर और कविता साहू को यह याद आया कि नगर निगम में सामान्य सभाएं भी होती हैं। चूंकि बजट पारित कराना आवश्यक होता है इसलिए महापौर अध्यक्ष ने ऐसे समय पर बैठक आहूत की है, जिस समय लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगना संभावित है। संजय पांडेय ने कहा है कि नगर विकास के लिए इन नेताद्वय के पास कोई कल्पना व योजना नहीं है। क्योंकि 11 मार्च को ही अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा भी होनी है इसलिए महापौर और अध्यक्ष दोनों मिलकर नगर निगम में सामान्य सभा की तिथि बढ़ाने दबाव बना रही हैं। कांग्रेस संगठन और महापौर एवं अध्यक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में प्रस्ताव का सामना करने की बजाय पिछली बार की तरह पलायन करने की रणनीति पर कार्य कर रही हैं। संजय पांडे ने कहा है कि जब अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तिथि और प्रस्ताव पर चर्चा का समय निर्धारित हो गया है, तो ऐसे में सामान्य सभा की तिथि आगे बढ़ाने या पीछे करने का प्रयास करना नियम विरुद्ध और अनैतिक है।

अपने जाल में फंसी कांग्रेस – गुप्ता
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस अपने ही बुने हुए जाल में फंस स कर रह गई है इसलिए उसे लगता है कि अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने की बजाय भागना ही एकमात्र रास्ता बचा है। उन्होंने कहा है कि निगम अध्यक्ष कविता साहू को अविश्वास प्रस्ताव के पहले ही इस्तीफा दे देना चाहिए अन्यथा उनमें जरा भी नैतिक साहस है तो अविश्वास प्रस्ताव से कायरता पूर्वक भागने की बजाय उसका सामना करें।ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद राजपाल कसेर निर्मल प्रसाद पाणिग्रही, दयावती देवांगन, मोतीराम बघेल, एम दिगंबर राव, दीप्ति पांडेय, नीलम यादव, ममता पोटाई, रीना घोष, महेंद्र पटेल, शंभू नाग, सुविता गुप्ता के साथ ही खेमसिंह देवांगन, लक्ष्मण झा, सुरेश मिश्रा, पंकज आचार्य, पी. विजय, विक्की नायडू, परेश टाटी, देवेश चांडक व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *