नगर विकास को प्राथमिकता:- गंगा मुंडा तालाब को मिली रोशनी की सौगात, शरद अवस्थी और महापौर संजय पांडे ने किया हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण
जगदलपुर। नगर के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में गंगा मुंडा तालाब क्षेत्र में विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थापित हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण मुख्य अतिथि इंद्रावती बेसिन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी एवं महापौर संजय पांडे की उपस्थिति में किया गया। हाई मास्ट लाइट शुरू होने से तालाब क्षेत्र रोशनी से जगमगाएगा और शाम के समय यहां आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
इससे पहले शहर के शहीद पार्क के पास डॉ सुभाष चंद्र बोस पार्क में भी हाई मास्ट लाइट स्थापित की जा चुकी है। इन प्रयासों के माध्यम से नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और नागरिकों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर का समग्र विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास का अर्थ केवल बड़े निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत करना, शहर का सौंदर्यीकरण करना और नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण तैयार करना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि गंगा मुंडा तालाब और शहीद पार्क जैसे सार्वजनिक स्थल शहर की पहचान और नागरिकों की गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था होने से न केवल इनकी सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि लोगों को भी सुविधा मिलेगी। नगर निगम चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य क्षेत्रों में भी आवश्यकतानुसार विकास एवं सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
महापौर ने कहा कि जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी कार्य जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में इस दौरान निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन , एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही ,सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, श्रीमती कलावती कसेर, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी,श्वेता बघेल , योगेन्द्र पाण्डे , संजय विश्वकर्मा , नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, पितामह नायक ,एल्डर मैन अतुल कौशल,राजपाल कसेर, शशिनाथ पाठक और परमेश राजा सहित जनप्रतिनिधियों, निगम के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की उपस्थिति रही।
