नक्सली डंप से विस्फोटक और वायर बरामद



जगदलपुर। कोबरा बटालियन और डीआरजी की टीम ने बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में खुफिया इनपुट के आधार पर सर्च ऑपरेशन चला कर नक्सलियों के पुराने डंप से बड़ी मात्रा में विस्फोटक एवं नक्सली सामग्री बरामद की है।
डीआरजी और कोबरा 208 बटालियन ने डॉग स्क्वाड की मदद से थाना पामेड़ क्षेत्रान्तर्गत तुमरेल सिंगमपल्ली के जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्चिंग के दौरान कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। डॉग स्क्वाड के-9 टीम की सहायता से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 नग बीजीएल सेल एवं भारी मात्रा में माओवादी सामग्री बरामद की गई। थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा के लेकामपारा के जंगलों में सीआरपीएफ 199, कोबरा 204 एवं डॉग स्क्वाड के-9 वेस्पा की टीम द्वारा सर्चिंग के दौरान 2 माओवादी डंप से 33 नग बीजीएल सेल एवं 1400 फीट कार्डेक्स वायर सहित माओवादी सामग्री बरामद की। बरामद बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर एवं अन्य माओवादी सामग्री के सबंध में थाना पामेड़ एवं थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की गई है।बीजापुर पुलिस नक्सल उन्मूलन एवं क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए लगातार सर्च अभियान डीमाईनिंग की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को दें। संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को न छुएं और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *