गौ हत्या और गौ तस्करी पर रोक लगाने उठी आवाज, रैली निकालकर विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर – जिले में गौ हत्या, गौ तस्करी एवं गौ मांस की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी। शनिवार, 14 नवंबर को संगठनों के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर बीजापुर के नाम ज्ञापन सौंपकर गौ तस्करी और गौ हत्या में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हिंदू सनातन संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और 33 कोटि देवी-देवताओं का वास गाय में माना जाता है। इसके बावजूद जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं ग्रामीण इलाकों में गौ तस्करी और गौ हत्या की घटनाएं सामने आने की बात कही गई है। 19 अक्टूबर 2026 को दशहरा पर्व के दौरान बीजापुर के शांतिनगर में कथित रूप से गाय काटकर उसका मांस बेचे जाने की घटना का उल्लेख किया गया। इस संबंध में शिकायत के बाद थाना बीजापुर में अपराध क्रमांक 0090, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को मामला पंजीबद्ध कर छह आरोपियों को जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई। साथ ही गौ मांस खरीदने वालों के संबंध में भी जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई। गायत्री शक्तिपीठ में सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा गौ पालकों की बैठक में सर्वसम्मति से गौ हत्या की निंदा की गई एवं भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए जागरूकता रैली गायत्री शक्तिपीठ से प्रारंभ हुई जो नया बस स्टैंड से होकर चट्टानपारा से होते हुए अस्पताल पारा तक पहुंची । उसके पश्चात अस्पताल पारा से शांति नगर और नगर पालिका से होकर पुराना पेट्रोल पंप के मुख्य मार्ग से होते हुए कलेक्टरकार्यालय तक पहुंचकर गौ माता राष्ट्र माता, गौ हत्यारे को फांसी दो जैसे नारे लगाते हुए 4 सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में तहसीलदार विजापुर पंचराम सलामे को ज्ञापन सौंपा गया।

चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

संगठनों ने प्रशासन से मांग की कि शांतिनगर सहित जिले में गौ मांस के विक्रेताओं, खरीददारों एवं गौ तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाए। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर गौ संरक्षण का संदेश दिया जाए। सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की बैठक लेकर आपसी सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रयास किए जाएं। इसके अलावा जिले में संचालित पंजीकृत एवं अपंजीकृत मांस बिक्री की दुकानों की समय-समय पर जांच एवं निगरानी कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।

हनुमंत मोरला को अध्यक्ष की जिम्मेदारी

गौ संरक्षण के लिए आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नए संगठन का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष के रूप में हनुमंत मोरला को मनोनीत कर जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उपाध्यक्ष नंदकिशोर राव, सचिव बीरा राजबाबू तथा अन्य पदाधिकारियों को भी संगठन की जिम्मेदारियां दी गईं। महिला मंडल से उपाध्यक्ष श्रीमती कल्पना सिंह तो मनीष सिंह को कोषाध्यक्ष , मीडिया प्रभारी बी गौतम राव संरक्षक मदनलाल राठी , भंवर केला एवं अन्य पदों पर भी सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।

गौ संरक्षण के लिए संगठन का गठन, गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान

ज्ञापन सौंपने के साथ ही गौ संरक्षण, गौ हत्या की रोकथाम और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक नए संगठन का गठन भी किया गया। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी तैयार कर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संगठन के माध्यम से जिले में गौ संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने, गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को एक मंच पर लाने पर सहमति बनी। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि गौ संरक्षण केवल किसी एक समाज की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का विषय है। सभी समाजों के बीच आपसी समन्वय, शांति और सद्भाव बनाए रखते हुए गौ हत्या एवं गौ तस्करी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर सर्व सनातनी गौ प्रेमी समाज बीजापुर, गौ-सम्मान आह्वान आंदोलन समिति, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, दिव्य जीवन संघ, हनुमान मंदिर समिति, शिव मंदिर समिति, दुर्गा मंदिर समिति, ब्रह्माकुमारी सेवा संस्थान, दिव्य विहंगम योग परिवार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, यादव समाज, ब्राह्मण समाज, माहेश्वरी समाज,मारवाड़ी समाज, जैन समाज,चिकटराज समिति,साहू समाज, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ,सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *