आदिवासियों को साधने आए रायगढ़ के गोंड राजा देवेंद्र प्रताप सिंह



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी भी अब पूरे फुलफॉर्म में है और अपने स्टार प्रचारकों को चुनाव मैदान पर उतार रही है। इसी कड़ी में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह को बस्तर में आदिवासी समाज को साधने की जिम्मेदारी दी गई है। 4 अप्रैल से 8 अप्रैल के बीच पांच दिनों तक बस्तर संभाग में धुंआधार बैठकें, जनसंपर्क और सभाएं कर राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने आदिवासियों का दिल जीत लिया। उन्होंने दंतेवाड़ा, कोंडागांव व जगदलपुर में आदिवासियों को लामबंद किया तथा कुछ स्थानों पर चुनावी सभा भी ली।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के आव्हान, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति मोर्चा के निर्देश पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप को जिताने के लिए आदिवासियों को गोलबंद करने में कामयाब रहे। राजा देवेंद्र प्रताप सिंह मूलत: राज गोंड हैं और बस्तर गोंड बाहुल्य लोकसभा क्षेत्र है। श्री सिंह को चुनाव मैदान में स्टार प्रचारक के रुप में उतारने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। राज्यसभा सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह जैसे स्टार प्रचारकों के साथ शामिल किए गए हैं। इसके कारण भारतीय जनता पार्टी में उनका कद एकाएक बढ़ गया है। गोंड राजा को चुनाव प्रचार में उतारने के पीछे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में आदिवासियों को लामबंद करना है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र आदिवासियों की सर्वाधिक आबादी वाला क्षेत्र है और राजा देवेंद्र प्रताप सिंह की चलती है तो कवासी लखमा का समीकरण बिगड़ जाएगा और उनकी राह कठिन हो सकती है। देवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने पहले चरण के बस्तर दौरे में इस लोकसभा क्षेत्र के अधिकतर गांवों को कवर किया। वे गोंड़ आदिवासियों के साथ ही हल्बा हल्बी, भतरा व अन्य आदिवासी समुदायों के बीच भी पहुंचे और अपनी चिर परिचित अपनत्व भरे अंदाज में इन सभी वर्गों को साध लिया। राजनीति के जानकारों का कहना है कि गोंड़ आदिवासी राजा देवेंद्र प्रताप सिंह को पहले राजयसभा सदस्य फिर स्टार प्रचारक बनाकर भाजपा मास्टर स्ट्रोक खेला है और छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल, बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव, बालोद, सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, कोरिया, बलरामपुर, जशपुर, अंबिकापुर, चिरमिरी, धमतरी, कवर्धा, मानपुर, मोहला, चौकी आदि जिलों में भाजपा को आशातीत सफलता मिलेगी।

बनवासी ने सम्हाला मोर्चा
उधर बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता वनवासी मौर्य भी दमखम के साथ चुनावी समर में डटे हुए हैं। बनवासी मौर्य भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के बस्तर संभाग के सह प्रभारी हैं। श्री मौर्य आदिवासियों को गोलबंद कर रहे हैं। बनवासी मौर्य को भी लोकसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वह साये की तरह राजा देवेंद्र प्रता सिंह के साथ कदमताल करते हुए लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए प्रचार कर रहे हैं। बनवासी मौर्य बस्तर जिले में जाने पहचाने नेता हैं। आदिवासी समुदाय के साथ ही अन्य जाति धर्मों के लोगों के बीच भी उनकी खासी लोकप्रियता है।. बनवासी मौर्य लोकसभा चुनाव में शुरू से पार्टी प्रत्याशी महेश कश्यप के पक्ष में माहौल बनाने में लगे हुए हैं। वे लगातार क्षेत्र के गांवों का दौरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देकर कांग्रेस के दुष्प्रचार का कड़ा जवाब दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *