अवैध उर्वरक के परिवहन कर रहे ट्रक सहित 600 बोरी खाद जप्त
जगदलपुर। खरीफ फसल सीजन के प्रारंभ होने के पूर्व ही जिले में अवैध उर्वरक का परिवहन शुरू हो गया है। इस पर नियंत्रण करने एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश के परिपालन में कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों द्वारा बीज- उर्वरक एवं कीटनाशक के भंडारण और वितरण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर सक्रियता बरती जा रही है। इसी कड़ी में दरभा विकासखंड के ग्राम केशापुर में ट्रक कंमाक यूपी 91 टी 6465 में मुजफ्फर नगर उत्तरप्रदेश से लगभग 600 बोरी डीएपी खाद लेकर पहुंचे ट्रक को खाद सहित पकड़ लिया गया।
उत्तरप्रदेश से लाई गई खाद को किसानों के पास विक्रय करने की योजना थी।जिस पर कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों द्वारा तत्परता से इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और अनुविभागीय कृषि अधिकारी तोकापाल सह उर्वरक निरीक्षक योगेश कुमार नाग, सहायक संचालक कृषि लखनघर दीवान एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी जगदलपुर तरुण प्रधान द्वारा मौके पर पहुंच कर संबंधित ट्रक चालक से 600 बोरी डीएपी के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर ट्रक चालक के द्वारा दस्तावेज नहीं होना बताया गया। जिससे संदेह होने पर ट्रक कंमाक यूपी 91 टी 6465 सहित 600 बोरी डीएपी खाद को जप्त कर पुलिस चौकी कामानार की अभिरक्षा में रखवाया गया है।आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उक्त जब्त उर्वरक डीएपी का सैम्पल गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला को प्रेषित किया गया है।
ऊंची दर पर न खरीदें खाद
उप संचालक कृषि राजीव श्रीवास्तव ने इस बारे में बताया कि जिले में बीज- उर्वरक एवं कीटनाशक के अवैध भंडारण एवं परिवहन सहित शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक दर पर उर्वरक विक्रय के प्रकरण पर विभाग द्वारा कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील है कि बीज- उर्वरक एवं कीट नाशक से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के संबंध में अपने क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विकासखंड के कृषि कार्यालय, उप संचालक कृषि कार्यालय अथवा जिले के बीज- उर्वरक गुण नियंत्रण कक्ष को सूचना दें ताकि विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा सके।
