अजय को दिखाया गया पार्टी से बाहर का रास्ता
रायपुर । विवादास्पद नेता भैरमगढ़ निवासी अजय सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बीजेपी प्रदेश कार्यालय ने एक पत्र जारी किया है जिसमें भैरमगढ़ में आदिवासी युवक के साथ अजय सिंह ने अभद्र व्यवहार किया है जिस पर पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही की गई है। अजय सिंह पर पार्टी की छवि धूमिल करने की बात भी भाजपा के इस पत्र में लिखी हुई है। पार्टी की सदस्यता से निष्कासन की कार्यवाही प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की अनुशंसा पर की गई।
ज्ञात हो अजय सिंह को पुलिस ने बीजापुर जिले के जांगला से रविवार को गिरफ्तार किया था। अजय सिंह को थाना भैरमगढ़ के अपराध क्रमांक 44/2024 धारा 191(2) 296 351(3) 133 333 324(6) 331(6) 308(4) BNS
ST/SC एक्ट की धारा 3(1)(द)(ध)(य) के आरोपी अजय सिंह ठाकुर निवासी भैरमगढ़ को गिरफ्तार कर दंतेवाड़ा में जेल भेजा गया है।
1996 से क्षेत्र में निगरानी बदमाश
अजय सिंह के खिलाफ पूर्व में अलग अलग धाराओं में 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं और कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी हुई है । 1996 से ही अजय सिंह के खिलाफ निगरानी बदमाश की कार्रवाई किया जा रहा है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान युवा आयोग सदस्य रहे अजय सिंह को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत् जिलाबदर भी किया जा चुका है।
