गोबरा नवापारा में पीएम आवास योजना के 56 हितग्राहियों को मिला स्वीकृति पत्र
अभनपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुरूप हर गरीब को पक्का मकान उपलब्ध कराने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, आज नगर पालिका गोबरा नवापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। विधायक श्री साहू के हाथों 56 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशहाली और सुरक्षा का नया सवेरा लेकर आई है। डबल इंजन की सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनका पक्का मकान का सपना साकार करना है। उन्होंने सभी हितग्राहियों को उनके नए और सुरक्षित आशियाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी संजय साहू ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए परिषद पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने भी विचार रखे और योजना की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति पूजा कंसारी, पार्षद जीना निषाद, एल्डरमैन गुलाब राव, मुकुंद मेश्राम, कन्हैया साहू, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष देवेंद्र साहू, तथा क्षेत्र के प्रतिष्ठित पत्रकार लीलाराम साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक, नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
