किसानों के हित में आर-पार की लड़ाई का ऐलान, 27 को अन्नदाता गर्जना रैली



रायपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ ने 27 अक्टूबर को नया रायपुर में ‘अन्नदाता गर्जना रैली’ का आह्वान किया है। रैली सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद महानदी भवन घेराव प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में अन्नदाताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली के माध्यम से संगठन किसानों की 10 सूत्रीय मांगों को शासन के समक्ष रखकर उनके निराकरण की मांग करेगा।
आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में धान खरीदी का उचित मूल्य, लंबित भुगतान, फसल क्षतिपूर्ति और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार शामिल हैं। संघ की मांग है कि धान खरीदी की दर 3 हजार 358 रुपए प्रति क्विंटल करने, वर्ष 2022-23 की धान खरीदी से संबंधित 1,700 करोड़ रुपए के लंबित भुगतान का तत्काल निराकरण किया जाए।

खरीदी व्यवस्था में हो सुधार
भारतीय किसान संघ धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने और तौल संबंधी नियमों को स्पष्ट करने की मांग भी उठाएगा। संगठन टोकन व्यवस्था में सुधार के साथ बड़े, लघु और सीमांत किसानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप टोकन उपलब्ध कराने की मांग कर रहा है।रैली में बाढ़ प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वेक्षण कर उचित मुआवजा देने, अरपा-भैंसाझार सहित अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा नई सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति देने की मांग उठाई जाएगी। इसके अलावा खाद की निर्धारित कीमत से अधिक पर बिक्री रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी शामिल है।

गौ संरक्षण- संवर्धन पर जोर
संघ की मांगों में गौ संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना, कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहित करना तथा मक्का और गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करना भी शामिल है। भारतीय किसान संघ ने किसानों से 27 अक्टूबर को नया रायपुर पहुंचकर ‘अन्नदाता गर्जना रैली’ में शामिल होने का आह्वान किया है। प्रस्तावित रैली और महानदी भवन घेराव के जरिए संगठन किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए मांगों के निराकरण के लिए दबाव बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *