नगरनार स्टील प्लांट में बड़ी दुर्घटना, ब्लास्ट होने से झुलस गए चार कर्मचारी
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। केंद्र सरकार के उपक्रम एनएमडीसी द्वारा स्थापित नगरनार स्टील प्लांट में मंगलवार को सुबह -सुबह जोरदार धमाका हुआ। जिसके कारण कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। धमाके की गुंज के बीच चीख पुकार भी मची रही। कुछ ही देर बाद प्लांट के चार कर्मचारियों के झुलस जाने की जानकारी सामने आई।
इस घटना के बाद एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट प्रबंधन में हड़कंप मच गया। स्थानीय मेडिकल स्टाफ के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने व इस्पात संयंत्र क्षेत्र में अस्पताल नहीं होने के कारण घायलों को 20 किलोमीटर दूर जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल जगदलपुर लाया गया। बताया गया है कि प्रतिदिन की भांति नगरनार स्टील प्लांट में सुबह से ही काम चल रहा था। इसी दौरान लगभग 10 बजे के आसपास तेज विस्फोट नगरनार स्टील प्लांट में हुआ। ब्लास्ट की चपेट में आने से चार व्यक्तियों के बुरी तरह झुलसने की खबर है, जिनको उपचार हेतु महारानी अस्पताल लाया गया है। विस्फोट से सीनियर टेक्नीशियन तापस नायक, सीमेंस कंपनी के महेंद्र कुमार लहरे, सिंह इंटरप्राइजेज के देवेंद्र नाग व सीमेंस कंपनी के अमरेंद्र कुमार चौधरी बुरी तरह झुलस गए हैं जिनको उपचार हेतु महारानी अस्पताल लाया गया है जिनका उपचार जारी है। माना जा रहा है कि नगरनार स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में पिघला आयरन ओर छलकने से यह विस्फोट हुआ और लावा शरीर पर पड़ने से चारों कर्मचारी झुलसे हैं।नगरनार स्टील प्लांट में शुरू से ही सबकुछ ठीक नही चल रहा है। प्लांट से उठती बदबू, वेस्टेज और केमिकल युक्त पानी बस्ती, खेतों और तालाब में बहाए जाने, डस्ट उड़ने, तेज आवाज आने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगो को भारी परेशानी हो रही है। लेकिन नगरनार मैनेजमेंट इन सब से बेखबर होकर केवल कागजों में अपना कार्य अपने एक गुरु मीडिया प्रभारी के द्वारा सामने लाई जाती रही है कि सब कुछ ठीक ठाक है। किंतु आज की घटना से मैनेजमेंट की पोल खुल गई है। अब स्थानीय सांसद और विधायक इस प्लांट के गुरू घंटाल अधिकारी और प्रभारी के खिलाफ कोई बड़ा कदम उठायेंगे ।
विस्फोट जैसी कोई घटना नहीं है -रफीक अहमद मिडिया प्रभारी
तकनीकी कारणों से इस प्रकार का मामला सामने आया है दुर्घटना में घायलों की हालत स्थिर है चिंताजक कोई खबर नहीं है एनएमडीसी अपने कर्मियो के सुरक्षा हेतु कटिबद्ध है।
