नक्सलियों से मुठभेड़ में पुलिस जवान शहीद

जगदलपुर :- बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में स्थित अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान डीआरजी नारायणपुर का एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान बीरेंद्र कुमार सोरी कांकेर जिले के नरहरपुर के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार नक्सल विरोधी सर्च अभियान में 3 दिसंबर को नारायणपुर जिला मुख्यालय से डीआरजी तथा बीएसएफ की संयुक्त पार्टी अबूझमाड़ क्षेत्र के पुलिस स्टेशन सोनपुर और कोहकामेटा सीमावर्ती क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी। 4 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से रुक रुक कर क्रॉस फायरिंग होती रही। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों से भीषण लड़ाई लड़ते हुए डीआरजी नारायणपुर के प्रधान आरक्षक बीरेंद्र कुमार सोरी गंभीर चोट के वजह से मौके पर ही शहीद हो गए। शहीद जवान बीरेंद्र कुमार सोरी बस्तर संभाग के ही कांकेर जिले के निवासी थे। 2010 में वे नारायणपुर जिला बल में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे और 2018 में नक्सल ऑपरेशन में वीरतापूर्ण कार्य के लिए क्रम से पूर्व प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत हुए थे।नक्सल विरोधी गश्त एवं सर्च अभियान अभी जारी है। महज 36 साल उम्र के जवान बीरेंद्र कुमार सोरी ने अनेक मुठभेड़ों में कई नक्सलियों को मार गिराया था। इसीलिए उन्हें टर्न आउट प्रमोशन देकर प्रधान आरक्षक बना दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *